CAIT का राष्ट्रव्यापी आह्वान: ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26 जुलाई 2026): कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की 25 जुलाई से शुरू हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी बैठक रविवार को नई दिल्ली में संपन्न हुई। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 200 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं ने भाग लिया। बैठक में व्यापार एवं उद्योग से जुड़े समसामयिक विषयों, व्यापारियों के हितों, देश की अर्थव्यवस्था में व्यापार जगत की भूमिका तथा 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन का सबसे अहम निर्णय “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान को देशभर के व्यापारियों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का रहा। इस अवसर पर देश के सभी व्यापारियों से आह्वान किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर, दुकान और बाजार तिरंगे की शान से सजे तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि देशभर के प्रमुख बाजारों में बड़े स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। साथ ही प्रमुख व्यापारिक बाजारों, व्यावसायिक परिसरों और व्यापारिक संगठनों द्वारा पूरे बाजारों को राष्ट्रध्वज से सजाया जाएगा तथा प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराएगा। अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी कैट की सभी राज्य एवं जिला इकाइयों को सौंपी गई है।

सम्मेलन में यह भी तय किया गया कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 को भी आजादी के अमृत उत्सव की भावना के अनुरूप राष्ट्रभक्ति की थीम पर आयोजित किया जाएगा। भारत मंडपम परिसर को तिरंगे की भव्य सजावट से सजाया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले उद्योगपतियों, व्यापारियों, उद्यमियों और आगंतुकों तक ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संदेश पहुंचे।

इस अवसर पर सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यापारी की श्रद्धा, सम्मान और कर्तव्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देश के सभी प्रमुख शहरों और बाजारों में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन किए जाएंगे। प्रत्येक व्यापारी अपने घर, दुकान और बाजार को तिरंगे से सजाकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करेगा।

खंडेलवाल ने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 भारत में निर्मित उत्पादों, सेवाओं, नवाचारों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का देश का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार महोत्सव होगा। यह आयोजन भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने, निर्यात को बढ़ावा देने, नए व्यापारिक अवसर सृजित करने तथा भारत को विश्व के अग्रणी विनिर्माण एवं व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत”, “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” जैसे अभियानों ने भारतीय व्यापारियों और उद्यमियों को नई ऊर्जा और वैश्विक पहचान प्रदान की है। भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 इन संकल्पों को आगे बढ़ाने का एक प्रभावी मंच बनेगा।

अंत में उन्होंने देशभर के व्यापारिक संगठनों, बाजार संघों और व्यापारियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा भारत की एकता, अखंडता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रगौरव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।