कलाधाम हादसे पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, दो कर्मचारी बर्खास्त
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (26/07/2026): नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में बोरवेल के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरकर छह वर्षीय मासूम की मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया ठेकेदार और संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने के बाद प्राधिकरण ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है तथा जल विभाग के सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि निर्माण या विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
तीन दिन पहले शुरू हुआ था नलकूप निर्माण कार्य
प्राधिकरण के अनुसार, कलाधाम सोसाइटी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगभग तीन दिन पहले नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार ने कार्य प्रारंभ करने से पूर्व जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी। निर्माण के दौरान बोरवेल के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया, जिसमें बारिश और अन्य कारणों से पानी भर गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि गड्ढे के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
खेलते समय गड्ढे में गिरा मासूम
शनिवार देर शाम कलाधाम सोसाइटी निवासी केंद्रीय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य सीवान यादव का छह वर्षीय पुत्र अव्यान सूर्या खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। गहराई और पानी अधिक होने के कारण बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
मौके पर पहुंची प्राधिकरण की टीम
घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी सहित अन्य अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए आवश्यक बैरिकेडिंग कराई।

ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की पहल
प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा ने नॉलेज पार्क कोतवाली में ठेकेदार फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। इसके साथ ही जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार की लापरवाही को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। दोनों कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
सुरक्षा मानकों पर सीईओ का सख्त संदेश
सीईओ एनजी रवि कुमार ने सभी वर्क सर्किल और संबंधित विभागों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भविष्य में किसी भी निर्माण या विकास कार्य की शुरुआत तब तक नहीं की जाएगी, जब तक कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और अन्य सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय पूरी तरह सुनिश्चित न कर दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले ठेकेदारों के साथ-साथ संबंधित प्राधिकरण कर्मियों के खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ ने जताया शोक
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुनील कुमार सिंह ने भी मासूम की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इसमें दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्राधिकरण भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।