कुपोषित बच्चों के उपचार में गौतमबुद्ध नगर नंबर-1, प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंचा जिला
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Budh Nagar News (24/07/2026): कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण प्रबंधन और देखभाल के क्षेत्र में गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने लखनऊ, कानपुर नगर, झांसी, प्रयागराज और मेरठ मंडल में पहला स्थान प्राप्त करते हुए अपनी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदर्शन किया है। वहीं प्रदेश स्तर की रैंकिंग में भी जिला तीसरे स्थान पर पहुंचा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने जिले की पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस उपलब्धि में एनआरसी के नोडल अधिकारी डॉ. आरपी सिंह सहित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका रही। जिले ने इस प्रदर्शन के दम पर गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ जैसे जिलों को भी पीछे छोड़ दिया।
जिला अस्पताल में संचालित 10 बेड के पोषण पुनर्वास केंद्र में गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को विशेष चिकित्सा और संतुलित आहार उपलब्ध कराया जाता है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित कुमार के अनुसार अप्रैल 2025 से जून 2026 के बीच तीन हजार से अधिक बच्चों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया। अस्पताल में भर्ती बच्चों के साथ रहने वाले अभिभावक और उनके साथ आए एक अन्य बच्चे के लिए भी पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जाती है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ही करीब 1800 बच्चों का इलाज इस केंद्र में किया गया। पहले यह केंद्र भंगेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित होता था, लेकिन बाद में इसे जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर सुविधाएं बढ़ाई गईं। यहां विशेषज्ञ चिकित्सक, स्टाफ नर्स, डायटीशियन, केयरटेकर और रसोइए की तैनाती की गई है, जिससे बच्चों को समुचित उपचार और पोषण मिल सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिले का लक्ष्य कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करने की दिशा में भी सफल होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।