नोएडा में एसटीएफ का बड़ा एक्शन, चीनी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (24/07/2026): नोएडा में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतरराष्ट्रीय हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चीन के एक नागरिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि चीनी नागरिक कई वर्षों से वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से रह रहा था और व्यापारिक गतिविधियों की आड़ में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन संचालित कर रहा था। मामले में उसके दो भारतीय सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सेक्टर-83 स्थित एक निजी कंपनी की गतिविधियां संदेह के दायरे में आई थीं। पूछताछ के लिए कंपनी से जुड़े चीनी नागरिक लियाओ लॉन्गहुई, चार्टर्ड अकाउंटेंट संजीव कुमार और सहयोगी कौशलेन्द्र को बुलाया गया। दस्तावेजों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद सेक्टर-93 स्थित फ्लैट पर छापेमारी की गई, जहां से कई शेल कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड, चेकबुक, फर्जी पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।

जांच में पता चला कि आरोपी मोबाइल फोन कवर के कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क संचालित कर रहे थे। चीन से कच्चा माल आयात कर उसे भारतीय बाजार में कम कीमत दिखाकर बेचा जाता था, जबकि वास्तविक मुनाफे की रकम अवैध माध्यमों से विदेश भेजी जाती थी। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की आशंका जताई गई है। इसके लिए कर्मचारियों और अन्य परिचितों के नाम पर कई शेल कंपनियां भी बनाई गई थीं।

एसटीएफ का कहना है कि गिरफ्तार चार्टर्ड अकाउंटेंट पर फर्जी कंपनियों का गठन कराने और बैंक खाते खुलवाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। वहीं चीनी नागरिक के पास से नागालैंड के पते पर बना एक संदिग्ध आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। जांच में यह भी सामने आया कि उसका भारतीय वीजा वर्ष 2020 में समाप्त हो चुका था, लेकिन वह लगातार भारत में रहकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। अब जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन और आर्थिक लेनदेन की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।