ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 5 कोचिंग संस्थान सील

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/07/2026): ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित विभिन्न कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया, जिसमें फायर सेफ्टी उपकरणों की गंभीर कमी पाए जाने पर पांच कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

संयुक्त टीम ने ट्रेडेक्स टावर-1 और ओम टावर में संचालित कुल 13 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पांच संस्थानों में अनिवार्य अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके चलते प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए इन संस्थानों को सील कर दिया।

सील किए गए संस्थानों में ट्यूटोरिक्स ट्यूशन सेंटर, एनविक इंफोटेक, इनकैप सेंटर, मैरिट एजुकेशन और पैंडुलम एडू क्लासेज शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन संस्थानों को पूर्व में निरीक्षण के दौरान आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद मानकों का पालन नहीं किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ अन्य कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करने का कार्य अंतिम चरण में पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन संस्थानों में लगभग 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। ऐसे संस्थानों को शेष कार्य पूरा करने के लिए दो से तीन दिन का अंतिम अवसर दिया गया है।

वहीं, जिन कोचिंग संस्थानों का पहली बार निरीक्षण किया गया, उन्हें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अग्निशमन उपकरण स्थापित करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कई संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलने पर टीम ने संतोष भी जताया। इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा तथा फायर सेफ्टी ऑफिसर अजय कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

गौरतलब है कि शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद जिले के सभी कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराना है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी कोचिंग संचालकों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सीलिंग समेत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।