हाईराइज शहर, लेकिन बुनियादी सुविधाएं अधूरी! DDRWA ने उठाए ग्रेटर नोएडा के बड़े मुद्दे
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/07/2026): देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल ग्रेटर नोएडा में विकास परियोजनाओं के बीच आज भी कई मूलभूत समस्याएं लोगों के सामने चुनौती बनी हुई हैं। बेहतर सार्वजनिक परिवहन, ट्रैफिक प्रबंधन, सेक्टरों में नागरिक सुविधाएं, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और किसानों के लंबित मामलों को लेकर स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं किसान प्रतिनिधियों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शहर के विकास की रफ्तार के साथ-साथ वर्षों से लंबित समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की जरूरत
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में डीडीआरडब्ल्यूए (DDRWA) फेडरेशन के महासचिव शेर सिंह भाटी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा का लगातार विस्तार हो रहा है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अभी भी अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने बताया कि परी चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या लगातार बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इसका लाभ अभी तक आम लोगों को पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है। बस स्टॉप, रूट मैप और सूचना बोर्डों की कमी के कारण यात्रियों को बस सेवाओं की सही जानकारी नहीं मिलती, जिससे कई बसें कम यात्रियों के साथ संचालित हो रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बस संचालन प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाया जाए।

सेक्टरों और गांवों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर जताई चिंता
शेर सिंह भाटी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे निरीक्षण स्वागतयोग्य हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अभियान सभी सेक्टरों तक पहुंचेगा और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि जिन गांवों की भूमि वर्षों पहले अधिग्रहित की गई थी, वहां पेयजल, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए बनाई गई कई व्यवस्थाएं आज भी पूरी तरह उपयोग में नहीं आ रही हैं। कई स्थानों पर ट्यूबवेल और सीवर लाइनें निष्प्रभावी पड़ी हैं, जबकि गांवों की सड़कें और अन्य विकास कार्य भी उपेक्षा का शिकार हैं। उन्होंने मांग की कि गांवों में बिजली, पानी, सीवर, सड़क और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।
किसानों के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग
किसान नेता सत्यवीर सिंह ने कहा कि, ग्रेटर नोएडा के किसानों की कई महत्वपूर्ण मांगें वर्षों से लंबित हैं। उन्होंने बताया कि आबादी भूखंड, 10 प्रतिशत, 6 प्रतिशत और 64.7 प्रतिशत मुआवजे से जुड़े मामलों का अब तक पूर्ण समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि यदि इन लंबित मुद्दों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तो बड़ी संख्या में किसानों को राहत मिलेगी।

130 मीटर रोड की बदहाल स्थिति पर भी जताई नाराजगी
सत्यवीर सिंह ने तिलपता से आगे स्थित 130 मीटर रोड की जर्जर हालत का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
शहर और गांव दोनों के विकास पर समान फोकस जरूरी
सत्यवीर सिंह ने कहा कि, अधिकारी किसानों की समस्याएं सुनते जरूर हैं, लेकिन उनके समाधान की प्रक्रिया बेहद धीमी है। उन्होंने मांग की कि किसानों के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ग्रेटर नोएडा को वास्तव में एक विश्वस्तरीय शहर बनाना है, तो विकास का लाभ केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहकर गांवों और किसानों तक भी समान रूप से पहुंचना चाहिए। तभी समावेशी और संतुलित विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।