ग्रेटर नोएडा में किसानों की हुंकार, मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21/07/2026): ग्रेटर नोएडा में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) ने मंगलवार को किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मोजरबियर गोलचक्कर से सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना दिया और किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग करते हुए 10 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

बीकेयू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर केवल आश्वासन मिलते हैं, जबकि धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं दिखाई देती।

ज्ञापन में किसानों ने 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे का शीघ्र भुगतान, नई भूमि अधिग्रहण नीति के तहत सभी पात्र किसानों को लाभ देने तथा 100 मीटर और 5 प्रतिशत विकसित भूखंडों का आवंटन जल्द पूरा करने की मांग की। इसके अलावा आबादी से जुड़े विवाद, लंबित लीजबैक मामलों का निस्तारण, बंद पड़े ग्रामीण मार्गों को खोलने और अधिग्रहण प्रभावित किसानों को नियमानुसार आबादी के प्लॉट उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

भारतीय किसान यूनियन ने तहसील और प्राधिकरणों में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, स्थानीय युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने और बिजली विभाग द्वारा किसानों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित प्राधिकरणों की होगी


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।