New Delhi News (20/07/2026): जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के विरोध प्रदर्शन के दौरान उन पर स्याही फेंकने की आरोपी बरखा त्रेहान ने पहली बार पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में बरखा ने दावा किया कि स्याही फेंकने के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उनके साथ मारपीट की और यदि दिल्ली पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
बरखा त्रेहान ने आरोप लगाया कि घटना के बाद अभिजीत दीपके के समर्थकों ने उनके बाल खींचे, हाथों और उंगलियों पर चोट पहुंचाई तथा उनके साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस का आभार जताते हुए उन्होंने कहा, अगर दिल्ली पुलिस मुझे नहीं बचाती, तो शायद मैं आज जिंदा नहीं होती।
बरखा त्रेहान ने यह भी कहा कि, उनका यह कदम हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के विरोध में उठाया गया था। उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर मंच से अभिजीत दीपके और उनके सहयोगी भगवान श्रीराम और माता सीता का मजाक उड़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी स्थिति में देवी दुर्गा, मां काली, भगवान श्रीराम या किसी भी हिंदू देवी-देवता के अपमान को स्वीकार नहीं कर सकतीं। उनके अनुसार, स्याही फेंकना केवल अपना विरोध दर्ज कराने का माध्यम था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ नहीं हैं और उनका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। बरखा ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन अब वास्तविक नीट मुद्दे से भटककर राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
गौरतलब है कि शनिवार को जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके ने अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। इसी दौरान बरखा त्रेहान ने उन पर नीली स्याही फेंक दी। घटना के तुरंत बाद दीपके ने अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “Blue is my colour, जय भीम।” इसके बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे दिल्ली पुलिस ने नियंत्रित किया।
स्याही फेंकने की यह घटना सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां अभिजीत दीपके के समर्थकों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है, वहीं बरखा त्रेहान के आरोपों के बाद पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर नई बहस छिड़ गई है। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच और रिपोर्टिंग जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।