CJP प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से की मुलाकात, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 20 जुलाई 2026: NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और सरकार ने उनकी मांगों पर आंतरिक स्तर पर चर्चा का आश्वासन दिया है।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने और संगठन के एक अन्य प्रवक्ता आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर लगभग 10 मिनट तक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन की प्रमुख मांगों से जुड़ा एक लिखित ज्ञापन मंत्री को सौंपा।

सौरव दास के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वासन दिया कि वह इस विषय पर सरकार के भीतर संबंधित स्तर पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

गौरतलब है कि CJP पिछले कई दिनों से NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रही है। संगठन की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दिल्ली के उच्च सुरक्षा वाले केंद्रीय क्षेत्र में एकत्र हुए और संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया।

हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। राजधानी में रविवार से ही निषेधाज्ञा (धारा 163 बीएनएसएस) लागू है, जिसके तहत बड़े जमावड़ों और रैलियों पर रोक है। संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

इस बीच, CJP ने स्पष्ट किया है कि वह सरकार के जवाब का इंतजार करेगी और आगे की रणनीति उसी के आधार पर तय की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।