नोएडा में साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई, दो फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़; चार आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (19/07/2026): साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइ-वज्र’ के तहत नोएडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फर्जी कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो बीमा पॉलिसी से जुड़ी सेवाओं और इंडिगो एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, पेनड्राइव सहित कई डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर अभियान चलाया गया। थाना स्तर पर मिले 159 संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान 19 रेड जोन की पहचान की गई। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के विश्लेषण के बाद सेक्टर-6 और सेक्टर-2 में संचालित दो फर्जी कॉल सेंटरों का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि इन केंद्रों के जरिए अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि सेक्टर-6 स्थित कॉल सेंटर से संचालित गिरोह कम ब्याज पर लोन, बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी का पैसा वापस दिलाने, मैच्योरिटी क्लेम और क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठता था। इस मामले में तनुज कुमार गोयल और पंकज को गिरफ्तार किया गया। वहीं सेक्टर-2 में चल रहे दूसरे कॉल सेंटर से मोहित कुमार और आदेश यादव को पकड़ा गया। ये आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का डेटा जुटाकर इंडिगो एयरलाइन में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ऑफर लेटर भेजते और रजिस्ट्रेशन व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर हजारों रुपये वसूलते थे।

पुलिस ने दोनों मामलों में थाना फेस-1 में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब इनके बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन, नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।