नोएडा सेक्टर-144 में बिजली बिलों पर बवाल, RWA ने लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18 जुलाई 2026): नोएडा के सेक्टर-144 में बिजली के बढ़े हुए बिलों को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सेक्टर की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) का आरोप है कि इस बार कई उपभोक्ताओं को सामान्य बिल की तुलना में कई गुना अधिक राशि के बिजली बिल भेजे गए हैं, जिससे लोगों में चिंता और असंतोष का माहौल है।

आरडब्ल्यूए महासचिव भगत सिंह तौंगर ने बताया कि जिन परिवारों का मासिक बिजली बिल पहले कुछ हजार रुपये आता था, उन्हें इस बार 30 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक के बिल मिलने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश उपभोक्ता नियमित रूप से समय पर बिजली बिल का भुगतान करते रहे हैं, ऐसे में अचानक इतनी अधिक राशि के बिल जारी होना कई सवाल खड़े करता है।

आरडब्ल्यूए का कहना है कि यदि बिलिंग या मीटर रीडिंग में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक त्रुटि हुई है तो उसका खामियाजा उपभोक्ताओं को नहीं भुगतना चाहिए। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

आरडब्ल्यूए ने बिजली विभाग से विवादित बिजली बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगाने, सभी प्रभावित मीटरों की दोबारा जांच कराने तथा सही रीडिंग के आधार पर संशोधित बिल जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सकेगी।

साथ ही आरडब्ल्यूए ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो सेक्टरवासी सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलन भी किया जाएगा। सेक्टरवासियों ने बिजली विभाग से पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्यप्रणाली अपनाकर उपभोक्ताओं को राहत देने की अपील की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।