YEIDA की 91वीं बोर्ड बैठक: ICMR को 30 एकड़ भूमि, एयरपोर्ट के दक्षिण में बनेगा इंडस्ट्रियल नोड

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (15/07/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 91वीं बोर्ड बैठक बुधवार को प्राधिकरण के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के चेयरमैन एवं औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने की। बैठक में सचिव बोर्ड राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों से जुड़े एजेंडा बिंदुओं को संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान औद्योगिक विकास, वित्तीय प्रबंधन, आधारभूत संरचना, भूमि अधिग्रहण, किसान हित, सार्वजनिक परिवहन और स्वास्थ्य अनुसंधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में प्रस्तुत वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 जून 2026 तक प्राधिकरण की कुल आय 1,371.75 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 640.01 करोड़ रुपये था। इस प्रकार प्राधिकरण की आय में 114.33 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं, 30 जून 2026 तक कुल व्यय 2,101.96 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 944.80 करोड़ रुपये था। कुल व्यय में से 1,741.40 करोड़ रुपये भूमि क्रय पर खर्च किए गए। इसके अलावा औद्योगिक एवं मिक्स्ड लैंड योजना के माध्यम से 660.14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो इस मद के वार्षिक बजट का लगभग 47.5 प्रतिशत है।

हाईराइज भवनों में अग्नि सुरक्षा के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी

बोर्ड बैठक में प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप हाईराइज भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह राशि अग्निशमन संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में उपयोग होगी।

औद्योगिक पार्कों में तेजी से बढ़ रही गतिविधियां

एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टॉय पार्क, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले एक महीने में 63 उद्यमियों की लीज डीड निष्पादित की गई। इसके साथ ही 118 आवंटियों को भूखंडों का कब्जा, 62 भवन नक्शों की स्वीकृति, 84 परियोजनाओं में निर्माण कार्य की शुरुआत, 15 औद्योगिक इकाइयों का संचालन प्रारंभ तथा 12 इकाइयों का फैक्ट्री अधिनियम के तहत पंजीकरण किया गया।

ई-वी और हाइड्रोजन बस सेवा को और मजबूत करने के निर्देश

बैठक में एनटीपीसी द्वारा संचालित इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बसों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बोर्ड ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं और बस सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

धनौरी वेटलैंड के पास वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की तैयारी

ग्राम धनौरी वेटलैंड के आसपास ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए संचालित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत YIAPL को किराये पर 200 मीटर भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिण में विकसित होगा नया इंडस्ट्रियल नोड

बोर्ड ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी हिस्से, यानी आगरा की ओर स्थित क्षेत्र के लिए इंडस्ट्रियल नोड की मास्टर प्लानिंग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। माना जा रहा है कि इससे एयरपोर्ट से जुड़े औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

YEIDA क्षेत्र में बनेगी इंटरनेशनल ट्रेड सिटी

बैठक में चीन के प्रसिद्ध Yiwu International Trade City की तर्ज पर YEIDA International Trade City विकसित करने की अवधारणा पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। बोर्ड ने इस प्रस्ताव का अवलोकन किया और परियोजना की संभावनाओं पर आगे कार्य करने के संकेत दिए।

किसानों को जल्द मिलेगा 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र

भूमि अधिग्रहण और अतिरिक्त प्रतिकर वितरण की समीक्षा करते हुए बोर्ड ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों द्वारा भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र तत्काल जारी किया जाए, ताकि अनावश्यक विलंब समाप्त हो सके।

होटल योजनाओं में अपनाए जाएंगे नोएडा प्राधिकरण के सकारात्मक प्रावधान

भविष्य में लाई जाने वाली वाणिज्यिक होटल योजनाओं में नोएडा प्राधिकरण के प्रभावी नियमों और शर्तों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने सहमति जताई। इससे होटल परियोजनाओं के विकास में एकरूपता और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।

स्टॉल्ड रियल एस्टेट परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में लिगेसी स्टॉल्ड रियल एस्टेट परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बोर्ड ने लंबित परियोजनाओं की स्थिति का आकलन करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

ICMR को एडवांस्ड रिसर्च सेंटर के लिए 30 एकड़ भूमि आवंटित

स्वास्थ्य अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को सेक्टर-9 में 30 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को बोर्ड ने मंजूरी प्रदान की। यहां अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं की स्थापना की जाएगी, जिससे चिकित्सा एवं बायोमेडिकल रिसर्च को नई गति मिलने की संभावना है।

कई सेक्टरों में भूमि खरीद और नई मास्टर प्लान सड़क को मंजूरी

बोर्ड ने सेक्टर 8ए, 8बी, 8सी (औद्योगिक क्षेत्र), सेक्टर 23सी (ट्रांसपोर्ट, रिक्रिएशन ग्रीन एवं पुनर्वास क्षेत्र), सेक्टर 31बी (मल्टीपल लैंड यूज) तथा सेक्टर 7बी स्थित 765 केवी सब-स्टेशन से सेक्टर 8डी तक प्रस्तावित मास्टर प्लान सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि खरीद के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की।

इन निर्णयों के साथ YEIDA ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य अनुसंधान, आधारभूत ढांचे के विस्तार, किसानों के हितों की सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति दी जाएगी।

टिप्पणियाँ बंद हैं।