महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग, महिला उन्नति संस्था का प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/07/2026): महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था ने ग्रेटर नोएडा में आवाज बुलंद की। संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी अरविंद कुमार को सौंपते हुए महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।
संस्था की गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म, हत्या, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और अन्य महिला अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे मामलों ने समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है, जिससे महिलाएं सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ अपने घरों में भी स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।
रेनूबाला शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने मांग की कि महिला अपराधों के मामलों में त्वरित एफआईआर दर्ज हो, जांच समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और दोषियों को शीघ्र एवं कठोर सजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संस्था के संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर संगठन ने राष्ट्रीय स्तर पर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत देश के विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में भी इसी अभियान के तहत यह ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया है।

ज्ञापन में महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने, महिला हेल्पलाइन एवं सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने, महिला अपराधों में त्वरित न्याय प्रक्रिया लागू करने, पीड़िताओं को कानूनी सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
संगठन का कहना है कि यदि महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं दी गई तो समाज में भय और असुरक्षा की भावना और गहराएगी। संस्था ने केंद्र एवं राज्य सरकार से महिला सुरक्षा को लेकर ठोस नीतिगत कदम उठाने और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की भी अपील की।
इस दौरान रणवीर चौधरी, डॉ. वंदना सिंह, एडवोकेट अनिल भाटी, एडवोकेट सीमा भाटी, दीपा रानी, अजयपाल भाटी, माधुरी चौहान, पूजा अवाना, रेहाना अल्वी, जहीर खान, एडवोकेट ज्योति भाटी, एडवोकेट पारुल चौधरी, एडवोकेट निशा वेसोया, एडवोकेट अरुणा शर्मा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।