अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, सरकारों से मांगा जवाब
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (15/06/2026): नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। वांगचुक को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से गुरुवार तक जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई अब गुरुवार सुबह होगी।
यह सुनवाई मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ के समक्ष हुई। बार एसोसिएशन की हड़ताल के चलते सरकारी पक्ष की ओर से कोई अधिवक्ता उपस्थित नहीं हो सका, जिसके कारण अदालत ने सुनवाई स्थगित कर सरकारों से अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए। याचिकाकर्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत को बताया कि लंबे अनशन के कारण वांगचुक की तबीयत लगातार खराब हो रही है और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है।
याचिका में मांग की गई है कि सोनम वांगचुक को बिना देरी आपातकालीन उपचार, आवश्यक पोषण और अन्य जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सरकार से यह भी आग्रह किया गया है कि आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर संवाद शुरू कर समाधान निकालने की दिशा में पहल की जाए। याचिका के अनुसार, अनशन के दौरान उनका करीब 8.25 किलोग्राम वजन कम हो चुका है और उन्हें लो ब्लड शुगर, अत्यधिक कमजोरी, चक्कर आने तथा मांसपेशियों में कमजोरी जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सोनम वांगचुक 28 जून से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। उनका आरोप है कि नीट परीक्षा में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में जवाबदेही तय की जानी चाहिए। वहीं, वांगचुक इससे पहले लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर चले आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत में लिए गए थे और करीब 170 दिन तक जोधपुर जेल में रहे थे। अब उनकी सेहत और अनशन को लेकर न्यायालय की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।