प्यावली नहर में डूबे 10 वर्षीय बालक का 24 घंटे बाद मिला शव, संयुक्त अभियान से मिला सफलता

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/09/2026): गौतमबुद्ध नगर के जारचा थाना क्षेत्र स्थित प्यावली गांव के पास नहर में डूबे 10 वर्षीय बालक का शव करीब 24 घंटे बाद शनिवार शाम बरामद कर लिया गया। शुक्रवार शाम से लगातार चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान में पुलिस, स्थानीय गोताखोरों, पीएसी और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जिसके बाद बच्चे का शव नहर से बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तनिष पुत्र सुखवीर अपने ननिहाल प्यावली गांव आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने हमउम्र दोस्तों के साथ गांव के समीप बह रही नहर पर गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया।

घटना के दौरान मौजूद अन्य बच्चों ने उसे बाहर निकालने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन बहाव इतना तेज था कि वे उसे बचाने में सफल नहीं हो सके। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साथी बच्चे घबराहट के बीच तनिष को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद वह पानी की धार में ओझल हो गया।

सूचना मिलते ही जारचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। राहत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ पीएसी और एनडीआरएफ की टीमों की भी मदद ली गई। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शनिवार सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया।

कई घंटों की लगातार खोजबीन के बाद शनिवार शाम बच्चे का शव नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में नहरों, नदियों और अन्य जलाशयों में नहाने के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन समय-समय पर लोगों से नहरों में स्नान न करने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। तनिष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।