दिल्ली में जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय का गृह मंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (11 July 2026): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नई दिल्ली में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर समर्पित जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष केशव चंद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि किसी भी देश का भविष्य केवल कृषि, उद्योग या बाजार से नहीं, बल्कि उसके पुस्तकालयों में पढ़ने आने वाले युवाओं की संख्या से तय होता है।
अपने संबोधन में गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और देश को वैभवशाली बनाने की सबसे बड़ी ताकत ज्ञान और विवेक है, और यह संस्कार पुस्तकालयों से ही मिलता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जीवन में एक बार पुस्तकालय से जरूर जुड़ें, क्योंकि पढ़ने की आदत विकसित होते ही सही और गलत का विवेक अपने आप जागृत होने लगता है। उन्होंने अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि बचपन में एक छोटे से कस्बे के पुस्तकालय ने उनके जीवन की दिशा बदल दी और बाल साहित्य से शुरू हुई उनकी अध्ययन यात्रा वेदों और उपनिषदों तक पहुंच गई।
अमित शाह ने कहा कि आज के दौर में बोलने से पहले सोचने की आवश्यकता है, लेकिन सोचने से पहले पढ़ना और समझना उससे भी अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही संस्कार पुस्तकालय प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां लगभग हर गांव में पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं, जिन्हें एक केंद्रीय पुस्तकालय से जोड़ा गया है। इसके साथ ही मोबाइल लाइब्रेरी वैन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे गांवों के बच्चों तक उनकी पसंद की किताबें नियमित रूप से पहुंचाई जाती हैं।
गृह मंत्री ने दिल्ली सरकार से अपील की कि राजधानी के सभी पुस्तकालयों को आपस में जोड़कर उन्हें स्कूलों से भी लिंक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी पुस्तकालयों तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय युवाओं के ज्ञान, अध्ययन और चिंतन का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने पुस्तकालय प्रशासन से भी आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़ने और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस पुस्तकालय में 30 हजार से अधिक मुद्रित पुस्तकें, शोधार्थियों के लिए अलग रिसर्च सेंटर, आधुनिक रीडिंग एरिया, किड्स जोन, बहुउद्देशीय सभागार और अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी उपलब्ध है। यहां एक करोड़ से अधिक ई-बुक्स निःशुल्क पढ़ी जा सकेंगी। पुस्तकालय में मुफ्त वाई-फाई, आरएफआईडी आधारित पुस्तक प्रबंधन प्रणाली और नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया से जुड़ा ओपेक कैटलॉग भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अध्ययन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के लोकतंत्र, सामाजिक परिवर्तन और संपूर्ण क्रांति में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और पूरे देश को नई दिशा दी। उन्होंने साहित्यकार रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि दिनकर को पढ़े बिना भारत की आत्मा, संस्कृति, स्वाभिमान और संघर्ष को पूरी तरह नहीं समझा जा सकता। गृह मंत्री ने दिल्ली के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस आधुनिक पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करें, पढ़ने की आदत विकसित करें और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।