दिल्ली चुनाव नतीजों पर डॉ कुमार विश्वास की पहली प्रतिक्रिया, पढ़िए उन्होंने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली(08 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे लगभग घोषित हो चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शानदार जीत मिली है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इस चुनावी नतीजे पर आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता, प्रखर वक्ता, प्रसिद्ध कवि और राम कथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ANI से बातचीत में कुमार विश्वास ने सबसे पहले भाजपा को जीत की बधाई दी और फिर आम आदमी पार्टी की हार पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “आम आदमी पार्टी के हजारों-लाखों कार्यकर्ता, जो अन्ना आंदोलन से जुड़े थे और जिन्होंने बड़े सपनों के साथ राजनीति में बदलाव लाने की कोशिश की थी, उनके सपनों की हत्या कर दी गई। इसका कारण एक निर्लज्ज, आत्ममुग्ध और चरित्रहीन व्यक्ति की स्वार्थी राजनीति रही। आज दिल्ली को उससे मुक्ति मिली, यह बड़ी बात है।”

उन्होंने आगे कहा कि “आप में जो लोग अब तक सत्ता और पदलोलुपता के कारण रुके हुए थे, वे अब पार्टी छोड़कर वापस लौटेंगे। यह हार एक नए अध्याय की शुरुआत है।”

चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया जारी रखते हुए कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी के बड़े नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की हार का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब टीवी पर जंगपुरा सीट का परिणाम आया और यह खबर मिली कि मनीष सिसोदिया हार गए हैं, तो मेरी हमेशा तटस्थ रहने वाली पत्नी की आंखों में आंसू आ गए। वह रोने लगीं। यह केवल एक राजनीतिक हार नहीं है, बल्कि उन लाखों लोगों के साथ हुए विश्वासघात का न्याय है, जो अन्ना आंदोलन और बदलाव के सपने से जुड़े थे।”

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कुमार विश्वास ने कहा, “आप लोगों ने सत्ता के लालच में या अज्ञानता में रहकर ऐसे व्यक्ति के साथ काम किया, जिसने अपने गुरु को धोखा दिया, अपने मित्रों के पीठ में छुड़ा घोंपा। अब आपको इन सबसे बाहर निकलकर अपने जीवन की ओर देखना चाहिए।”

आखिर में, कुमार विश्वास ने सभी को बधाई देते हुए कहा, “मैं समस्त जनता को बधाई देता हूं कि न्याय हुआ। जो व्यक्ति करोड़ों लोगों के सपनों की हत्या का दोषी था, उसे आज जनता ने दंड दे दिया।”

उनकी यह प्रतिक्रिया आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा संदेश मानी जा रही है और यह साफ संकेत देती है कि दिल्ली की राजनीति में एक नया दौर शुरू हो सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।