दिल्ली में पार्किंग ओवरचार्जिंग पर लगेगी लगाम, MCD की POS मशीनों से तय होगा शुल्क
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (09 July 2026): दिल्ली में पार्किंग स्थलों पर मनमाने तरीके से अतिरिक्त शुल्क वसूलने की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम (MCD) ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत अब पार्किंग ठेकेदारों को अपनी निजी मशीनों की जगह MCD की सर्वर से जुड़ी पीओएस (POS) मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन मशीनों से जारी होने वाली पार्किंग पर्ची में वाहन के पार्किंग समय के आधार पर शुल्क स्वतः निर्धारित होगा, जिससे तय दर से अधिक राशि वसूलने की गुंजाइश समाप्त हो जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत वाहन पार्क होने के समय से लेकर निकलने तक की अवधि सीधे MCD के केंद्रीय सर्वर में दर्ज होगी। तय शुल्क के अनुसार मशीन स्वतः पार्किंग स्लिप तैयार करेगी और उसी के आधार पर भुगतान लिया जाएगा। निगम का उद्देश्य पार्किंग शुल्क में पारदर्शिता लाना और लंबे समय से मिल रही ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके साथ ही भविष्य में “पर्ची नहीं, तो पैसा नहीं” जैसी व्यवस्था भी लागू करने की तैयारी की जा रही है।
एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के लिए एक बहुराष्ट्रीय बैंक के साथ समझौता किया गया है। पहले चरण में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 4 से 5 पार्किंग स्थलों पर शुरू किया जाएगा। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो इसे चरणबद्ध तरीके से दिल्ली की अन्य पार्किंग साइट्स पर भी लागू किया जाएगा। इस पहल से पार्किंग संचालन की निगरानी आसान होगी और राजस्व संग्रह में भी पारदर्शिता आएगी।
नगर निगम के आरपी सेल विभाग ने फिलहाल विभिन्न जोनों में कुल 37 पार्किंग साइट्स की पहचान की है, जहां नई व्यवस्था लागू की जानी है। इनमें करोल बाग, सिटी एसपी, रोहिणी, नजफगढ़, साउथ, वेस्ट, केशवपुरम, सिविल लाइंस, सेंट्रल और शाहदरा साउथ जोन की पार्किंग साइट्स शामिल हैं। इन पार्किंग स्थलों के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है और अनुमान है कि यहां करीब 4,000 वाहनों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार, इस पहल की शुरुआत उस घटना के बाद तेज हुई जब एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी स्वयं लाजपत नगर मार्केट की पार्किंग में ओवरचार्जिंग का शिकार हुए। घटना के बाद अधिकारियों ने व्यवस्था में तकनीकी सुधार का निर्णय लिया, ताकि पार्किंग शुल्क की मनमानी पर स्थायी रोक लगाई जा सके। निगम को उम्मीद है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद वाहन चालकों को पारदर्शी और भरोसेमंद पार्किंग सेवा मिल सकेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।