फोनरवा ने डीएम मेधा रूपम से की मुलाकात, RWA समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/07/2026): फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के पदाधिकारियों ने आज गुरुवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात कर आरडब्ल्यूए से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी डीएम को सौंपा।

फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि आरडब्ल्यूए का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण होता है। क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर नियमानुसार निर्णय लेने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ लोग बिना पर्याप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आरडब्ल्यूए के विरुद्ध डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में शिकायत दर्ज करा देते हैं। ऐसी शिकायतों पर यदि प्रारंभिक जांच के बिना कार्रवाई शुरू कर दी जाती है, तो आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का बहुमूल्य समय अनावश्यक प्रक्रियाओं में व्यतीत होता है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी आरडब्ल्यूए द्वारा वास्तव में कोई अनियमितता की जाती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। हालांकि, किसी भी शिकायत पर कार्रवाई से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि शिकायत तथ्यों एवं पर्याप्त साक्ष्यों पर आधारित हो तथा उसकी प्राथमिक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।

फोनरवा के महासचिव के. के. जैन ने बताया कि वर्तमान में डिप्टी रजिस्ट्रार सप्ताह में केवल तीन दिन—सोमवार, बुधवार और शुक्रवार—सूरजपुर कार्यालय में बैठते हैं। अधिकांश संस्थाओं के पदाधिकारी आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हैं, लेकिन संस्थाओं की मूल फाइलें एवं अभिलेख गाजियाबाद स्थित मुख्य कार्यालय में होने के कारण मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब होता है। उन्होंने अनुरोध किया कि या तो सूरजपुर कार्यालय में डिप्टी रजिस्ट्रार के बैठने की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए अथवा संबंधित संस्थाओं के अभिलेख सूरजपुर कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

फोनरवा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर ने बहुमंजिला आवासीय सोसाइटियों में ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) चार्जिंग की लंबे समय से लंबित समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अभी तक ईवी चार्जिंग की सुविधा एवं उपयोग के संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश या मानक प्रक्रिया उपलब्ध नहीं है, जिससे निवासी व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने फोनरवा द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से परीक्षण कर आवश्यक एवं व्यावहारिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव के. के. जैन, विजय भाटी, उमाशंकर, पवन यादव, संजय चौहान, कोसिंदर यादव, भूषण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।