Greater NOIDA West News : ला रेजिडेंशिया में 12 घंटे से बिजली संकट
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/07/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के निवासियों को बुधवार को लंबे बिजली संकट का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 6 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को पूरे दिन परेशानी झेलनी पड़ी। देर शाम तक भी सामान्य बिजली बहाल नहीं हो सकी और सोसाइटी में डीजल जनरेटर (DG) के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही थी।
शुरुआत में सोसाइटी मेंटेनेंस की ओर से निवासियों को बताया गया कि बिजली बाधित होने का कारण NPCL की ओर से आया फॉल्ट है। हालांकि बाद में सामने आया कि समस्या सोसाइटी के भीतर की विद्युत व्यवस्था में थी। इसके बाद मेंटेनेंस विभाग ने भी निवासियों को संदेश जारी कर बताया कि टावर-5 के पास स्थित ESS-1 में केबल फॉल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।
NPCL अधिकारियों से बातचीत में हुआ खुलासा
सोसाइटी के कुछ निवासियों ने जब सीधे NPCL अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें अलग जानकारी मिली। बातचीत के अनुसार, सुबह सबसे पहले ट्रांसफॉर्मर के पास मुख्य लाइन का फ्यूज उड़ गया था। उस समय सोसाइटी मेंटेनेंस ने इसे NPCL की समस्या बताते हुए कहा कि विभाग की टीम फॉल्ट ठीक कर रही है।
लेकिन दोपहर करीब 2 बजे NPCL के अधिकारियों से हुई बातचीत में स्पष्ट किया गया कि उनकी ओर का फॉल्ट पहले ही ठीक किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि अब समस्या सोसाइटी की इंटरनल वायरिंग में है और जब तक मेंटेनेंस विभाग उसे ठीक नहीं करेगा, तब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की जा सकती।
बिजली बहाल करने की कोशिश में फिर उड़े फ्यूज
बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे NPCL ने अपनी ओर से दोबारा बिजली आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया। लेकिन जैसे ही सप्लाई जोड़ी गई, सोसाइटी के अंदर मौजूद शॉर्ट सर्किट के कारण फिर से फॉल्ट हो गया और तीनों फ्यूज उड़ गए। इससे ग्रिड पर भी असर पड़ा और ट्रिपिंग की स्थिति बन गई।
निवासियों के अनुसार, इसके बाद शाम करीब 5 बजे मेंटेनेंस विभाग ने स्वीकार किया कि वास्तविक समस्या सोसाइटी के अंदर की केबल और वायरिंग में है, जिस पर मरम्मत का काम चल रहा है।
टावर-5 के बेसमेंट में बताया जा रहा है फॉल्ट
बातचीत के अनुसार, टावर-5 के बेसमेंट क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट की समस्या सामने आई है, जिसकी वजह से लगातार ट्रिपिंग हो रही थी। फिलहाल तकनीकी टीम फॉल्ट को ढूंढकर उसे ठीक करने में लगी हुई है। हालांकि देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह कब तक बहाल होगी। इस पूरे मामले में टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने सोसाइटी के मेंटेनेंस विभाग से उनका पक्ष जानने के लिए लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे बातचीत नहीं हो सकी। मेंटेनेंस विभाग का पक्ष प्राप्त होते ही समाचार को अपडेट किया जाएगा।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।