कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर नोएडा प्रशासन अलर्ट, कमिश्नर और DM ने की संयुक्त बैठक

Ten News Network

Noida News (08 जुलाई, 2026): श्रावण मास और शिवरात्रि के दौरान निकलने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुट गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य, बिजली, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में तय किया गया कि पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ शिविरों में पेयजल, शौचालय, स्नानघर, साफ-सफाई, डस्टबिन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बारिश को देखते हुए नालों की सफाई और जलभराव रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, मेडिकल कैंप और एंटी वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बिजली विभाग को खुले तारों, ट्रांसफार्मरों और बिजली के पोलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रशासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने, अतिक्रमण हटाने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्रवाई करने और दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित कराने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।