16 महीने में 650 करोड़ का घोटाला? सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (29 जून 2026): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने दिल्ली सरकार पर स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार (Corruption) का आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार ने मात्र 16 महीनों में करीब 650 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई एक अधिकारी अकेले इतना बड़ा घोटाला कर सकता है या इसके पीछे पूरी व्यवस्था की मिलीभगत है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि फरवरी 2025 में सरकार बनने के बाद जुलाई में एक आदेश जारी किया गया, जिसके तहत अस्पतालों की सभी खरीदारी सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (Central Procurement Agency – CPA) के माध्यम से कराने का फैसला लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय डॉ. रति अक्कड़ के वीआरएस लेने के बाद डॉ. वत्सला अग्रवाल (Dr. Vatsala Agrawal) को महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (DGHS) नियुक्त किया गया, जबकि उनसे वरिष्ठ कई डॉक्टर मौजूद थे और उनके खिलाफ पहले से विजिलेंस जांच भी चल रही थी।

उन्होंने दावा किया कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन (Portable X-Ray Machine), जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये होती है, उसे 33 लाख रुपये में खरीदा गया। इसी तरह 25 लाख रुपये के उपकरण को 1.10 करोड़ रुपये में खरीदने का आरोप लगाया गया। भारद्वाज ने कहा कि हर खरीद में भारी कमीशनखोरी (Commission) की गई और जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ।

ओआरएस (ORS) खरीद को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि कॉलिंग जोन बनाने के नाम पर लगभग 50 लाख रुपये की ओआरएस खरीदी गई, जबकि 15 रुपये का पैकेट 205 रुपये में खरीदा गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इतनी रकम में किसी को महंगी कॉफी भी पिलाई जा सकती थी।

बेडशीट (Bedsheet) खरीद पर सवाल उठाते हुए सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जहां सरकारी पोर्टल पर एक चादर लगभग 150 रुपये में उपलब्ध थी, वहीं उसे 450 रुपये प्रति पीस की दर से खरीदा गया। उनके अनुसार, कुल 75 करोड़ रुपये की बेडशीट खरीदी गईं, जो दिल्ली के अस्पतालों में उपलब्ध कुल बेडों की संख्या के मुकाबले कई गुना अधिक हैं। उन्होंने दावा किया कि 200 बेड वाले अस्पतालों को 20-20 हजार बेडशीट लेने के निर्देश दिए गए, जिससे अस्पताल प्रशासन के सामने उन्हें रखने की भी समस्या खड़ी हो गई।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार “27 साल की भूखी सरकार” है और हर सामान की खरीद में कमीशनखोरी की गई। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. वत्सला अग्रवाल पर पहले भी उन्होंने शिकायत की थी, जब वह दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की प्रमुख थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि कोई अधिकारी दोषी है तो उसे इतने महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त ही क्यों किया गया।

(यह समाचार सौरभ भारद्वाज द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।