वीडियो बनाने वाले दलित युवक को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार: सौरभ भारद्वाज

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (15 नवंबर 2026): यमुना में मरी हुई मछलियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने वाले दलित युवक की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले में भाजपा सरकार और जल मंत्री प्रवेश वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आप मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने दावा किया कि यमुना में प्रदूषण के कारण बड़ी संख्या में मछलियां मर रही हैं और इस स्थिति को सामने लाने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई। भारद्वाज के मुताबिक, युवक बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा है और वीडियो सामने आने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार शाम दिल्ली पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया, लेकिन आम आदमी पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर मामला उठाए जाने के बाद उसे कुछ देर में छोड़ दिया गया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार को यमुना में मछलियों की मौत का कारण पता लगाने के लिए जांच करानी चाहिए, न कि वीडियो बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आने से बचना चाहती है। भारद्वाज ने मंत्री प्रवेश वर्मा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें उनके आरोपों पर आपत्ति है तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी कराएं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्रियों से कालिंदी कुंज घाट पर पहुंचकर यमुना का पानी गिलास में भरकर पीने की चुनौती भी दी। उनका कहना था कि प्रदूषित पानी के संपर्क में आने या उसे पीने से लोग बीमार पड़ सकते हैं और इसका खतरा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर हो सकता है।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले की तुलना साहिब सिंह नामक युवक के साथ हुई कथित घटना से भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि साहिब सिंह ने पीडब्ल्यूडी की सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का वीडियो बनाकर भ्रष्टाचार उजागर किया था। भारद्वाज के अनुसार, उस समय भी मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और बाद में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि यमुना में मरी मछलियों का वीडियो सामने लाने वाले युवक के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया गया है। भारद्वाज ने दावा किया कि अब कई अन्य युवकों और मछुआरों ने भी मरी हुई मछलियों के वीडियो साझा किए हैं और उनका कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने मछलियों को मरते देखा है।

भारद्वाज ने यमुना की सफाई को लेकर भाजपा सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल भी सरकार ने यमुना को साफ करने के दावे किए थे, जबकि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की रिपोर्ट बाद में सामने आई और उसमें नदी के प्रदूषित होने की बात साबित हुई। उन्होंने भाजपा पर पूर्वांचल के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी से कालिंदी कुंज घाट पर पहुंचकर यमुना का पानी पीने की चुनौती दोहराई। साथ ही सवाल किया कि यदि सरकार का दावा है कि मरी हुई मछलियां बाहर से लाकर यमुना में डाली गईं, तो इसके समर्थन में क्या प्रमाण हैं।

आप नेता ने कहा कि मछलियों की मौत की घटना को तीन दिन बीतने के बावजूद सरकार ने अब तक प्रदूषण के कारणों की जांच नहीं कराई है। उन्होंने दावा किया कि मछुआरे भी इस बात को खारिज कर रहे हैं कि इतनी बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां किसी के द्वारा नदी में डाली जा सकती हैं। भारद्वाज ने भाजपा सरकार से पूछा कि मछलियों की मौत कैसे हुई, यमुना के पानी में प्रदूषण किस वजह से बढ़ा और इसकी जांच अब तक क्यों नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी और सरकार को जवाब देना होगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।