1 जुलाई से यूपी में ‘स्कूल चलो अभियान-2’, हर बच्चे के नामांकन पर रहेगा फोकस

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (29/06/2026): उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 जुलाई से ‘स्कूल चलो अभियान-2’ की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जुलाई का महीना केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि उन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का अवसर भी है, जो किसी कारणवश अब तक विद्यालय से दूर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उसे बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।

राज्य सरकार के अनुसार, यह अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान कक्षा 1 से 12 तक के सभी पात्र बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ऐसे बच्चों की भी पहचान की जाएगी, जिन्होंने बीच में पढ़ाई छोड़ दी है, ताकि उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

सरकार ने इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया है। शिक्षा विभाग, स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर घर-घर संपर्क करेंगे तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे। सरकार का मानना है कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना ही विकसित और सशक्त उत्तर प्रदेश की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।