हीट वेव के बढ़ते खतरे पर योगी सरकार अलर्ट, स्कूलों के लिए जारी हुई नई गाइडलाइन

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (29/06/2026): उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए ‘हीट-संबंधी बीमारियों के प्रति विद्यार्थियों के संवेदनशीलकरण हेतु शिक्षकों के लिए दिग्दर्शिका-2026’ जारी की है, जिसका उद्देश्य बच्चों को लू और हीट स्ट्रोक से सुरक्षित रखना तथा विद्यालयों को आपात स्थिति के लिए तैयार करना है।

अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के निर्देश पर तैयार इस दिग्दर्शिका में शिक्षकों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है। शिक्षकों को विद्यार्थियों को पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने, जलयुक्त फलों का सेवन करने और हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों की पहचान कराने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही विद्यालयों में जागरूकता पोस्टर भी लगाए जाएंगे।

सरकार ने प्रत्येक विद्यालय में स्कूल हीट एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य नोडल शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे, फर्स्ट एड किट, ओआरएस, डिजिटल थर्मामीटर और 108 एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालय परिसर में हीट वेव से बचाव संबंधी संदेश और जरूरी संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

नई गाइडलाइन के अनुसार प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले आयोजित की जाएंगी। ऑरेंज और रेड हीट वेव अलर्ट के दौरान सभी बाहरी और कठिन शारीरिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, कार्यशील पंखे, पर्याप्त वेंटिलेशन, छायादार स्थान और हर 20 से 30 मिनट के अंतराल पर बच्चों को पानी पीने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

दिग्दर्शिका में हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान तथा प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी भी दी गई है। यदि किसी विद्यार्थी में अत्यधिक पसीना, तेज प्यास, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी, उल्टी, भ्रम या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर 108 एम्बुलेंस या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने अस्थमा, हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा, दिव्यांगता या हाल ही में बुखार और दस्त से पीड़ित बच्चों की विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। वहीं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को घर से पर्याप्त पानी पिलाकर भेजें, अस्वस्थ होने पर विद्यालय न भेजें और घर पर भी हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाएं। इसके अलावा विद्यालयों को मौसम विभाग के अलर्ट पर लगातार नजर रखने, हीट वेव से जुड़ी घटनाओं का रिकॉर्ड रखने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।