जिम्स प्रकरण पर भाकियू का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई के विरोध में एडीएम को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29/06/2026): जिम्स अस्पताल में धरना दे रहे कर्मचारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की घटना के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की जिला इकाई गौतम बुद्ध नगर ने जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे को सौंपा। इस दौरान संगठन ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, गिरफ्तार कर्मचारियों की रिहाई और जिम्स प्रशासन से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू के युवा नेता रॉबिन नागर ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखने वाले कर्मचारियों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है और इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजीव मलिक ने आरोप लगाया कि गौतम बुद्ध नगर में पिछले कुछ वर्षों से पुलिस प्रशासन का रवैया आम लोगों और आंदोलनों के प्रति कठोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित और कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि कुछ दिन पहले जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से धरना दे रहे कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, के खिलाफ देर रात पुलिस ने कथित रूप से लाठीचार्ज किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी भी तत्काल परिजनों और साथियों को नहीं दी गई, जो गंभीर चिंता का विषय है।
भाकियू नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि गिरफ्तार सभी कर्मचारियों को बिना शर्त तत्काल रिहा किया जाए तथा उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। साथ ही कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
संगठन ने अपने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि जिम्स अस्पताल के निदेशक ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता के कार्यकाल में कई अनियमितताओं और प्रशासनिक गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। यूनियन ने इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने, निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जांच में दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। यूनियन ने जिला प्रशासन से पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।