नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (20/06/2026): गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने लग्जरी वाहनों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन महंगी कारें बरामद की हैं, जिनमें महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा और फोर्ड इकोस्पोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है।

थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज शर्मा और अजय सरकार के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों पहले वाहन सर्विस सेंटर और ऑटोमोबाइल शोरूम के आसपास रेकी करते थे। मौका मिलते ही गार्ड रूम से वाहनों की चाबियां चुरा लेते और फिर पार्किंग में खड़ी लग्जरी गाड़ियों को लेकर फरार हो जाते थे। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि चोरी के बाद वाहन की पहचान छिपाने के लिए इंजन और चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ की जाती थी। इसके बाद वाहनों को पूर्वोत्तर भारत के नेटवर्क के जरिए मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में बेच दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार बरामद महिंद्रा थार को हाल ही में सेक्टर-59 स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम के बाहर से चोरी किया गया था। आरोपियों ने गार्ड रूम से चाबी चुराकर वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले का थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया।

बरामद इकोस्पोर्ट कार दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि क्रेटा कार भी दिल्ली में हुई एक वाहन चोरी की वारदात से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस को जांच के दौरान इन वाहनों के दस्तावेजों और पहचान संबंधी विवरण में छेड़छाड़ के भी प्रमाण मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों अब तक करीब 60 चोरी के वाहनों को विभिन्न राज्यों में बेच चुके हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित खरीदारों की पहचान करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी नीरज शर्मा के खिलाफ वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं अजय सरकार का नाम भी वाहन चोरी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस अब दोनों के आपराधिक नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर एक महिंद्रा थार, एक हुंडई क्रेटा, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार तथा एक अवैध हथियार और कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।