नोएडा में दिव्य श्री राम कथा: पांचवें दिन भगवान राम के बाल्यकाल की लीलाओं का हुआ दिव्य वर्णन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा,(06 फरवरी 2025): नोएडा स्टेडियम में 1 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित दिव्य श्री राम कथा के पांचवें दिन बुधवार को परम पूजनीय विजय कौशल जी महाराज ने भगवान श्रीराम के बाल्यकाल की अद्भुत लीलाओं का वर्णन किया। श्रीजी रसोई की सहायतार्थ आयोजित इस कथा में हजारों भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया।

महाराज जी ने कथा में बताया कि भगवान श्रीराम के जन्म के बाद पूरी अयोध्या में आनंद का ज्वार उमड़ पड़ा था। नगरवासियों ने अपार हर्षोल्लास के साथ इस पावन अवसर को मनाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जन्म के साथ ही देवी-देवताओं ने भी अयोध्या आकर भगवान के दर्शन किए और इस दिव्य क्षण का आनंद लिया। कथा के दौरान महाराज जी ने यह भी बताया कि इस कलयुग में भगवान से जुड़ने और उन्हें पाने का सबसे सरल मार्ग उनकी कथा को सुनना और मनन करना है।

कथा के दौरान ऐसा प्रतीत हुआ मानो नोएडा स्टेडियम का विशाल पंडाल स्वयं अवधधाम में परिवर्तित हो गया हो। भक्तों ने भगवान राम के जन्म प्रसंग पर आनंद और भक्ति में झूमते हुए भजन-कीर्तन किया। महाराज जी ने बताया कि भगवान राम का जीवन हमें धर्म, परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा की प्रेरणा देता है।

कथा के प्रारंभ में मंगलमय परिवार नोएडा के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने देश के विभिन्न कोनों से आए गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया और सभी को वृंदावन में चल रही श्रीजी रसोई से जुड़ने का आह्वान किया। कथा में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अद्वितीय रही, जहां लगभग 3000 से 3500 भक्त भगवान राम की लीलाओं का रसास्वादन कर रहे थे।

इस अवसर पर नेवैद्य शर्मा, परमात्मा शरण बंसल, धर्मपाल गोयल, एन.के. अग्रवाल, एस.एन. गोयल, प्रमोद शर्मा, संजय गोयल, संजय गुप्ता, संदीप अग्रवाल, बलराज गोयल, महेंद्र शाह, विमल अग्रवाल, मुकुल वाजपेयी, राजीव अजमानी, मनीष गुप्ता, संदीप तायल, पवन शर्मा, संजय बाली, अजय पुंडीर, विनय अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रीराम कथा का यह दिव्य आयोजन भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर अनुभव बन रहा है और आगामी दिनों में भी कथा के माध्यम से भक्तों को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा प्राप्त होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।