New Delhi News (20 June 2026): दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा किए गए डेढ़ साल के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर एक संगठित बच्चा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। रेलवे यूनिट की कार्रवाई में इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ गौरव, धर्मेंद्र, अकील, प्रीति शर्मा, पूजा, आरती, विशाल और जिया के रूप में हुई है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
मामला 24 मई की सुबह का है, जब गाजियाबाद निवासी 26 वर्षीय चंदा कुमारी अपने डेढ़ साल के बेटे कार्तिक के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट स्थित वेटिंग हॉल में रुकी थीं। सुबह करीब 6:30 बजे नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा वहां मौजूद नहीं है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बच्चे के अपहरण की आशंका जताई। शिकायत मिलते ही रेलवे पुलिस की विशेष टीम ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध बच्चे को लेकर स्टेशन से बाहर निकलते दिखाई दिए। तकनीकी जांच से पता चला कि आरोपी पहले बैटरी रिक्शे से मोरी गेट पहुंचे, फिर ऑटो के जरिए शास्त्री पार्क और उसके बाद गाजियाबाद के कासिम विहार पहुंचे। बाद में वे दोबारा शास्त्री पार्क लौटे और वहां से ट्रक में लिफ्ट लेकर हरिद्वार की ओर फरार हो गए।
इसी बीच हरिद्वार पुलिस से सूचना मिली कि वहां भी एक बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है और संदिग्धों के चेहरे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बच्चे को ले जाने वाले आरोपियों से मेल खाते हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने डिजिटल फॉरेंसिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और कई राज्यों में समन्वित छापेमारी अभियान चलाया। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला संगठित बच्चा तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने पहले भी ऐसे कितने अपराध किए हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।