PM-VBRY की बड़ी सौगात: देशभर में ₹2,400 करोड़ वितरित, ग्रेटर नोएडा में 23 युवाओं को नौकरी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20/06/2026): केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के अंतर्गत शुक्रवार को देशव्यापी लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने देशभर के 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश के 200 से अधिक स्थानों पर किया गया, जिनमें ग्रेटर नोएडा भी शामिल रहा।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-IV स्थित जीएनआईडीए ऑडिटोरियम (GNIDA Auditorium) में आयोजित क्षेत्रीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह और दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर सहित कई जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
450 प्रतिभागियों की मौजूदगी, 23 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
क्षेत्रीय कार्यक्रम में कुल 450 लोगों ने सहभागिता की। इनमें 350 लाभार्थी, 70 नियोक्ता, विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि, राज्य सरकार के अधिकारी तथा ईपीएफओ के कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कंपनियों और संस्थानों द्वारा 23 नव-नियोजित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
युवाओं के लिए रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार : कुंवर बृजेश सिंह
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि सामाजिक सुरक्षा के दायरे को भी मजबूत बनाएगी। उन्होंने नियोक्ताओं और कर्मचारियों से योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सभी हितधारकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

‘पहली नौकरी से जुड़ी आकांक्षाओं को सशक्त बनाने का माध्यम’ : प्रधानमंत्री मोदी
विज्ञान भवन से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि PM-VBRY केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह युवाओं की पहली नौकरी से जुड़ी उम्मीदों और सपनों को मजबूती देने का एक व्यापक अभियान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज स्टार्टअप, नवाचार और विनिर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, गुणवत्ता और नई तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि भारत भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा को एक साथ आगे बढ़ाने वाली यह योजना उद्योगों और कार्यबल के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।
63 लाख से अधिक युवा औपचारिक कार्यबल से जुड़े
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि अगस्त 2025 से अब तक PM-VBRY के माध्यम से 63 लाख से अधिक प्रथम बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारी औपचारिक कार्यबल का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इनमें लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो कार्यबल में बढ़ती महिला भागीदारी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना से लाभान्वित होने वाले प्रतिष्ठानों में 80 प्रतिशत से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) शामिल हैं, जिससे छोटे उद्योगों को भी रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहन मिला है।
क्या है प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना?
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) केंद्र सरकार की रोजगार-संबद्ध प्रोत्साहन योजना है, जिसका उद्देश्य संगठित क्षेत्र में रोजगार बढ़ाना और पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम ₹15,000 तक की वित्तीय सहायता दी जाती है। वहीं, अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को दो वर्षों तक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। विनिर्माण क्षेत्र के लिए यह सहायता अवधि और अधिक बढ़ाई गई है, जिससे श्रम-प्रधान उद्योगों में नए रोजगार के अवसर सृजित हो सकें। इस योजना को सरकार विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।