जिम्स हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ का विरोध प्रदर्शन जारी, कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/06/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) में नर्सिंग स्टाफ का आंदोलन लगातार जारी है। शुक्रवार को धरने के दौरान कुछ कर्मचारियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे धरनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद साथियों और चिकित्सा कर्मियों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

धरनारत कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों और सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि संस्थान में ऐसा मानसिक और प्रशासनिक दबाव बनाया गया कि उन्हें अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।

एक ओर संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से लगातार वार्ता कर गतिरोध समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों का आरोप है कि संस्थान के डायरेक्टर का रवैया बेहद कठोर और तानाशाहीपूर्ण है। उनका कहना है कि यदि शीर्ष स्तर पर सकारात्मक पहल होती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।

धरनास्थल पर कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने की घटना ने आंदोलन की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से संस्थान की सेवा कर रहे लोग आज अपने मूल अधिकारों और सम्मानजनक कार्य वातावरण की मांग को लेकर सड़क पर बैठने को मजबूर हैं। उनका सवाल है कि आखिर ऐसा कौन-सा माहौल बना कि स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कर्मचारी स्वयं संघर्ष करने को विवश हो गए।

फिलहाल प्रशासन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का दौर जारी है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बातचीत से कोई ठोस समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होगा।

इस पूरे मामले में जिम्स प्रशासन का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए टेन न्यूज़ की टीम ने संस्थान के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे बातचीत नहीं हो सकी। संस्थान का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।