नोएडा की सोसाइटी में दर्दनाक हादसा, महिला इंजीनियर और मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (17/06/2026): नोएडा के सेक्टर-79 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में लापरवाही से वाहन चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन के नीचे फंसकर कई मीटर तक घिसटती चली गईं। घटना के दौरान महिला का पति और बड़ी बेटी भी साथ थे, जिन्होंने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात परिवार अपनी कार से सामान निकालकर फ्लैट की ओर जा रहा था। इसी दौरान पार्किंग के एक घुमावदार मोड़ पर तेज गति से पहुंची कार ने महिला कितिका शर्मा और उनकी छोटी बेटी आयरा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों कार के नीचे फंस गईं और वाहन उन्हें काफी दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के पति अरुण शर्मा ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सहायता से सबसे पहले बच्ची को कार के नीचे से निकाला गया, जबकि महिला करीब चार मिनट तक वाहन के नीचे फंसी रही। बाद में लोगों और चालक की मदद से कार को उठाकर उन्हें बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, महिला को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी कई पसलियां टूट गई हैं, कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी गंभीर चोट लगी है। वाहन के इंजन की गर्मी से उनके पेट का हिस्सा झुलस गया। अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया है। वहीं बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की गति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पार्किंग में निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं किया जाता, जबकि घुमावदार मोड़ों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और चेतावनी संकेत होने चाहिए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।