एमएसएमई से निर्यात तक, यूपी ने रचे विकास के नए कीर्तिमान: के. विजयेंद्र पांडियन | UPITS 2026

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 जून 2026): उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के प्रचार अभियान का शुभारंभ नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ किया गया। यह रोडशो देशभर में आयोजित होने वाली आउटरीच गतिविधियों की श्रृंखला का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य उद्योग जगत, निर्यातकों, निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आगामी ट्रेड शो से जोड़ना है।

25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले UPITS 2026 के चौथे संस्करण को लेकर उद्योग जगत में उत्साह दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार तथा उद्योग जगत के कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय के निदेशक के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि प्रदेश का एमएसएमई क्षेत्र आज राज्य की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयाँ सक्रिय हैं और यह संख्या जल्द ही एक करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है। इन इकाइयों में 23 हजार से अधिक प्रकार के उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है।

पांडियन ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना ने प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई है। केवल हस्तशिल्प क्षेत्र से ही चालू वित्तीय वर्ष में करीब 96 हजार करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निर्यात के साथ देश का सबसे बड़ा भू-आवेष्ठित (लैंडलॉक) निर्यातक राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि पिछले संस्करण में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की व्यापारिक संभावनाएं और डील लीड्स उत्पन्न हुई थीं, जिनका बड़ा हिस्सा वास्तविक कारोबार में परिवर्तित हुआ। इस बार ट्रेड शो में 100 देशों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

पांडियन के अनुसार, इस वर्ष UPITS का प्रमुख आकर्षण ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन’ पहल होगी। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। शुरुआती चरण में 75 उत्पादों का चयन किया गया है, जिनकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रमाणन और विपणन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 40 औद्योगिक नीतियां संचालित कर रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश को 48 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल निर्माण, कालीन उद्योग समेत कई क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बन चुका है।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में पांडियन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उद्योग जगत, निवेशकों, खरीदारों और आम नागरिकों से इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि UPITS 2026 के माध्यम से राज्य को वैश्विक सोर्सिंग और निवेश हब के रूप में और अधिक मजबूत पहचान मिले। इसी उद्देश्य से आने वाले महीनों में देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में रोडशो, उद्योग संवाद और निवेशक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।