UPITS 2026 दुनिया के सामने रखेगा यूपी की आर्थिक ताकत: शशि भूषण लाल सुशील, प्रमुख सचिव, MSME

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 जून 2026): उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के प्रचार अभियान का औपचारिक शुभारंभ नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ किया गया। यह रोडशो देशभर में आयोजित होने वाली आउटरीच गतिविधियों की श्रृंखला का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य उद्योग जगत, निर्यातकों, निवेशकों, व्यापारिक संगठनों तथा घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आगामी ट्रेड शो से जोड़ना है।

उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला UP International Trade Show 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। पिछले तीन सफल संस्करणों के बाद यह आयोजन देश के सबसे प्रभावशाली राज्य स्तरीय व्यापारिक मंचों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है।

दिल्ली रोडशो में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, सीईओ सुदीप सरकार तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (FIEO) के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो आज देश के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक और सोर्सिंग प्लेटफॉर्म में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह मंच प्रदेश की आर्थिक विविधता, औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है, जहां एमएसएमई, बड़े उद्योग, स्टार्टअप, निर्यातक, निवेशक और अंतरराष्ट्रीय खरीदार एक साथ जुड़ते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले संस्करण की सफलता ने यह सिद्ध किया है कि उत्तर प्रदेश के प्रति वैश्विक व्यापार जगत का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। UPITS 2025 में 2,200 से अधिक प्रदर्शकों और 85 देशों से आए 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने भाग लिया था। इस आयोजन के दौरान बड़े पैमाने पर व्यापारिक पूछताछ, निवेश संबंधी चर्चाएं और साझेदारियां हुईं, जिससे उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिला।

शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसकी आर्थिक विविधता है। राज्य में एमएसएमई, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, हेल्थ सर्विसेज, मोबिलिटी, हैंडीक्राफ्ट्स और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। वहीं ओडीओपी (ODOP) और ओडीओसी (ODOC) जैसी योजनाओं ने प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजित होने वाला UPITS 4.0 पहले से अधिक भव्य और व्यापक होगा। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, डेढ़ लाख से अधिक आगंतुकों तथा बड़ी संख्या में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने उद्योग जगत, निर्यातकों, मैन्युफैक्चरर्स, स्टार्टअप्स, संस्थानों, राजनयिकों और वैश्विक खरीदारों से इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंच उत्तर प्रदेश के विकास और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करेगा।

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि UPITS 2026 के माध्यम से राज्य को वैश्विक सोर्सिंग और निवेश हब के रूप में और अधिक मजबूत पहचान मिले तथा घरेलू एवं विदेशी निवेश को नई गति प्राप्त हो। इसी उद्देश्य से आगामी महीनों में देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में रोडशो, उद्योग संवाद और निवेशक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उम्मीद की जा रही है कि सितंबर में आयोजित होने वाला यह व्यापारिक महाकुंभ उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, निर्यात और निवेश क्षमता को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।