UPITS 2026 में MSME को मिलेगा बड़ा मंच: प्रांजल यादव, IAS

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 जून 2026): उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के प्रचार अभियान की शुरुआत नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ हुई। यह रोडशो देशभर में होने वाली आउटरीच गतिविधियों की श्रृंखला का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य उद्योग जगत, निर्यातकों, निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को इस प्रतिष्ठित आयोजन से जोड़ना है।

उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला UPITS 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। पिछले तीन सफल संस्करणों के बाद यह आयोजन देश के सबसे प्रभावशाली राज्य स्तरीय व्यापारिक मंचों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

दिल्ली रोडशो में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, सीईओ सुदीप सरकार तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (FIEO) के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में IAS प्रांजल यादव ने बताया कि, 25 से 29 सितंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाला यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, एमएसएमई क्षेत्र और बड़े उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन संस्करणों में प्रदेश के उद्यमियों को बड़े व्यापारिक अवसर मिले हैं तथा अनेक क्षेत्रों में नए ऑर्डर और निवेश प्राप्त हुए हैं।

प्रांजल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के तहत शुरू किया गया यह आयोजन आज देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शुमार हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले संस्करणों में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने इसकी प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। उनके अनुसार, UPITS ने प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों और उद्यमियों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इस वर्ष भी व्यापार, निवेश तथा निर्यात के नए अवसर सृजित होने की पूरी संभावना है।

उन्होंने विश्वास जताया कि UPITS 2026 उत्तर प्रदेश के MSME और औद्योगिक क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति प्रदान करेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।