किसानों का अल्टीमेटम: 30 जून तक समाधान नहीं हुआ तो दनकौर बिजलीघर पर होगी महापंचायत
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (09/06/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को किसान एकता संघ ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने दनकौर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसान एकता संघ के जिलाध्यक्ष पप्पे नागर एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता उम्मेद एडवोकेट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अजय कुमार गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रही कई गंभीर समस्याओं की ओर विभाग का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से अधिक राशि के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में वर्षों पुरानी और जर्जर विद्युत लाइनें आए दिन फॉल्ट और बिजली आपूर्ति में बाधा का कारण बन रही हैं। किसानों ने यह भी शिकायत की कि नए बिजली कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में औसत शुल्क के नाम पर अतिरिक्त धनराशि वसूली जा रही है।
संगठन के नेताओं ने कहा कि कई मामलों में बिजली चोरी के नाम पर निर्दोष उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिससे आम लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उनका कहना है कि इन मुद्दों को लेकर लगातार शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
किसान एकता संघ ने मांग की कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। संगठन ने बिजली व्यवस्था में सुधार, गलत बिलों की समीक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की भी मांग उठाई।
किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग को समस्याओं के निस्तारण के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया, तो दनकौर बिजलीघर परिसर में किसानों की विशाल पंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में कृष्ण बैंसला, अखिलेश प्रधान, जेपी नागर, मेहरबान अली, वाहिद भाटी, चांद मोहम्मद, अकरम खान, जीतन नागर, सोनू मावी समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।