स्वच्छता और हरियाली के लिए RWA की भूमिका निर्णायक:सौरव गांधी, अध्यक्ष, URD

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/06/2026): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ऑल इंडिया मेयर्स एंड आरडब्ल्यूए समिट-2026 में देशभर से आए महापौरों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, नगर निकाय अधिकारियों और नीति निर्माताओं ने वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की।

वर्ल्ड एनवायरमेंट एक्सपो तथा कॉन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस (CoRWA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में स्वच्छ, हरित और टिकाऊ शहरी विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा पर्यावरणीय चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान खोजने पर विशेष जोर दिया गया।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए यूनाइटेड रेजिडेंट्स ऑफ दिल्ली (यूआरडी) के अध्यक्ष सौरभ गांधी ने कहा कि ग्रीन इंडिया अवार्ड से सम्मानित होना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाजहित में कार्य कर रहे लोगों का उत्साहवर्धन करते हैं और उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने बताया कि यूआरडी दिल्ली की लगभग 1,750 आरडब्ल्यूए का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न जागरूकता और सहभागिता आधारित अभियान संचालित करता है। संगठन न केवल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करता है, बल्कि लोगों को पौधों को गोद लेने और उनकी नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित करता है। इसके साथ ही पार्कों के संरक्षण और हरित क्षेत्रों के विकास में भी आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाती है।

सौरभ गांधी ने कहा कि संगठन समय-समय पर पौधारोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराता है तथा विभिन्न कंपनियों के सहयोग से ट्री गार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उनका मानना है कि जब लोग किसी पौधे को अपने परिवार या प्रियजनों के नाम से जोड़कर उसकी जिम्मेदारी लेते हैं, तो उसके संरक्षण की भावना और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया मेयर्स एंड आरडब्ल्यूए समिट एक महत्वपूर्ण मंच है, जो विभिन्न शहरों के महापौरों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को एक साथ लाकर शहरी समस्याओं और उनके समाधान पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करता है। पर्यावरण संरक्षण, जलभराव, जल संरक्षण और नगर निगमों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आरडब्ल्यूए तथा स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए स्थानीय स्तर पर समस्याओं की सबसे सटीक जानकारी रखने वाली इकाई होती हैं, जिससे समाधान की दिशा में सार्थक सहयोग संभव हो पाता है।

कचरा प्रबंधन को शहरों की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताते हुए सौरभ गांधी ने कहा कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचना चाहिए और कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई आरडब्ल्यूए अपने क्षेत्रों में जैविक कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार कर उसका उपयोग पार्कों और पौधों की देखभाल में कर रही हैं, जो पर्यावरण संरक्षण का एक प्रभावी मॉडल है।

अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सरकार पर छोड़ने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाना, पहले से लगाए गए पौधों की देखभाल करना तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम साबित हो सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।