राष्ट्रीय मंच पर चमकीं आंगनवाड़ी कार्यकत्री सुनीता देवी, ‘Made in Play’ Summit में बनीं पैनलिस्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (03/06/2026): गौतमबुद्ध नगर की आंगनवाड़ी कार्यकत्री सुनीता देवी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और आंगनवाड़ी व्यवस्था का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित ले मेरिडियन होटल में आयोजित ‘Made in Play’ Summit में उन्होंने पैनलिस्ट के रूप में भाग लेकर ग्रामीण भारत में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा और बाल विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) दनकौर संध्या सोनी ने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन ‘बचपन बनाओ’ और NDTV द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में देशभर से प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, खेल आधारित शिक्षण और बाल विकास के क्षेत्र में कार्यरत संगठनों, शिक्षकों, नीति-निर्माताओं एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया।
सुनीता देवी पिछले कई वर्षों से अपने गांव में बच्चों और उनके परिवारों के साथ समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए गैर-सरकारी संस्था LECIN (Let’s Educate Children In Need) ने उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच पर प्रतिनिधित्व के लिए नामांकित किया था।
पैनल चर्चा के दौरान सुनीता देवी ने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के साथ काम करने के अनुभव, चुनौतियों और सीख को साझा किया। उन्होंने कहा कि खेल आधारित शिक्षण बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रचनात्मक और आनंददायक बनाता है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन और सहयोग मिलने पर ये केंद्र ग्रामीण भारत में शिक्षा और विकास के मजबूत आधार बन सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता और परिवारों को प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे नवाचार भी बच्चों के सीखने के परिणामों में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। सम्मेलन में देश के 10 राज्यों से आए 20 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, शोधकर्ता और बाल विकास विशेषज्ञ मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए अपने अनुभव, शोध और नवाचार साझा किए।
उल्लेखनीय है कि LECIN पिछले तीन वर्षों से जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। संस्था खेल आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देकर बच्चों के लिए बेहतर और प्रेरणादायक सीखने का वातावरण तैयार करने की दिशा में कार्यरत है। LECIN के प्रतिनिधियों ने कहा कि सुनीता देवी की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन हजारों आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के समर्पण की पहचान है, जो देश के दूरस्थ गांवों में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
सुनीता देवी की यह उपलब्धि ग्रामीण भारत में कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है और यह संदेश देती है कि जमीनी स्तर पर किए गए समर्पित प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान और सम्मान प्राप्त कर सकते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।