Greater Noida News (20/05/2026): जलपुरा गांव की नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का केंद्र बन गया है। मामले में दादरी विधायक तेजपाल नागर (MLA Tejpal Nagar) ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। विधायक ने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं होने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस अब तक पति ऋतिक, ससुर, सास और चचेरे ससुर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर दो धड़े बन गए हैं। एक पक्ष दीपिका को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष ‘जस्टिस फॉर ऋतिक’ अभियान के जरिए पति को निर्दोष बताने की कोशिश कर रहा है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि बेटी के साथ हुई घटना बेहद दुखद और गंभीर है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। विधायक ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा समाज की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाओं पर सख्त संदेश जाना जरूरी है।
दीपिका नागर के पिता संजय नागर, जो दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ हुई थी। दीपिका ने बीएड की पढ़ाई की थी, जबकि उसका पति लॉ सेकेंड ईयर का छात्र है। पिता का आरोप है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और दहेज में टॉप मॉडल स्कॉर्पियो गाड़ी भी दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार फॉर्च्यूनर कार और 51 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था।
संजय नागर के मुताबिक, 17 मई को दीपिका ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दहेज की मांग को लेकर दबाव बना रहे हैं। पिता उसी शाम बेटी के ससुराल पहुंचे और परिवार को समझाकर लौट आए। उन्होंने बताया कि देर रात करीब साढ़े 12 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा तो दीपिका की मौत हो चुकी थी। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया और फिर हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों के निशान मिले हैं। चेहरे, हाथ, जांघ, घुटने और कमर के आसपास गंभीर चोटें पाई गई हैं। सबसे ज्यादा गंभीर चोट दाहिनी जांघ पर मिली, जहां बड़ा नीला निशान पाया गया। बाएं घुटने पर गहरा घाव और शरीर के निचले हिस्से में दबाव के निशान भी सामने आए हैं। आंतरिक जांच में डॉक्टरों ने मस्तिष्क में रक्त का थक्का, तिल्ली फटने और भारी अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि की है। वहीं, किसी जहरीले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।
मामले ने सोशल मीडिया पर भी बड़ा रूप ले लिया है। दीपिका के मायके पक्ष जहां इसे दहेज हत्या बता रहा है, वहीं पति ऋतिक के समर्थन में सोशल मीडिया पर ‘जस्टिस फॉर ऋतिक’ अभियान चलाया जा रहा है।ऋतिक के दोस्त और समर्थक पुराने वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं, जिनमें वह दीपिका के साथ बेहद भावनात्मक और करीबी अंदाज में नजर आ रहा है। कुछ वीडियो में वह पत्नी के पैर दबाते, नेल पॉलिश लगाते और मेहंदी लगाते दिखाई दे रहा है।
इन पोस्टों के जरिए समर्थक यह सवाल उठा रहे हैं कि जो पति अपनी पत्नी का इतना ख्याल रखता दिखता है, क्या वह हत्या जैसा अपराध कर सकता है?हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच सोशल मीडिया की भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
मामले में एक और पहलू तब सामने आया जब ऋतिक के कुछ पड़ोसियों ने परिवार का बचाव किया। उनका कहना है कि दीपिका को परिवार में बेटी जैसा सम्मान दिया जाता था। यहां तक कि उसके नाम पर संपत्ति और स्कूल तक बनवाने की चर्चा भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दहेज हत्या, घरेलू हिंसा और अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे के आधार पर पूछताछ जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।