डिलीवरी बॉय की एंट्री पर महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, गार्डों से भिड़ने का वीडियो वायरल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/08/2026): ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में डिलीवरी बॉय को प्रवेश से पहले सत्यापन के लिए रोके जाने पर एक महिला का सुरक्षा गार्डों से विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने गार्डों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात महिला ने ऑनलाइन खाने का सामान और सैनिटरी पैड मंगाए थे। सामान लेकर डिलीवरी बॉय सोसाइटी के गेट पर पहुंचा तो सुरक्षा व्यवस्था के तहत गार्ड ने उसका सत्यापन करने के लिए उसे रोक लिया। इसी बात की जानकारी मिलने पर महिला गेट पर पहुंची और गार्डों से बहस करने लगी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
घटना के दौरान महिला द्वारा एक गार्ड को लात मारने की कोशिश और दूसरे गार्ड पर थप्पड़ चलाने के लिए हाथ उठाने का आरोप है। वीडियो में महिला गार्डों के साथ तीखी बहस करती और आक्रामक व्यवहार करती दिखाई दे रही है। महिला के शराब के नशे में होने का दावा भी किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
विवाद के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के समय मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
वीडियो सामने आने के बाद बिसरख पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल सोसाइटी में स्थिति सामान्य है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।