कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल से पूछे दो तीखे सवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (1 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच वार-पलटवार तेज हो गया है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘कायर’ कहकर निशाना साधते हुए दो बड़े सवाल पूछे हैं—एक सड़क निर्माण को लेकर और दूसरा बिजली उत्पादन पर।

संदीप दीक्षित ने केजरीवाल के हाल ही में दिए गए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू का हवाला देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा,

“केजरीवाल कहते हैं कि दिल्ली में उनकी सरकार ने 10,000 किमी सड़क बनवाई, लेकिन हकीकत यह है कि पूरी दिल्ली में कुल सड़क नेटवर्क ही लगभग 4,000 किमी है। ऐसे में यह 10,000 किमी सड़क कहां से आई?”

यह बयान चुनावी माहौल में केजरीवाल सरकार के कामकाज को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

संदीप दीक्षित ने दिल्ली की ऊर्जा क्षमता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि 2009-10 में दिल्ली की इंस्टॉल्ड पावर कैपेसिटी 9,32,000 KWH थी, जो 2013-14 में बढ़कर 22,15,580 KWH हुई। लेकिन 2023-24 तक यह सिर्फ 23,97,000 KWH ही पहुंच पाई, यानी 10 साल में केवल 8% की बढ़ोतरी हुई।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,

“केजरीवाल सरकार अपनी उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन असलियत यह है कि बिजली उत्पादन के मामले में यह सरकार पूरी तरह फेल रही है। 10 साल में सिर्फ 8% बढ़ोतरी कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि नाकामी है।”

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। कांग्रेस, जो 2013 के बाद से दिल्ली की सत्ता से बाहर है, अब केजरीवाल सरकार के दावों की पोल खोलने की कोशिश कर रही है। संभावना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा बड़ा राजनीतिक विवाद बनेगा, क्योंकि बीजेपी भी केजरीवाल सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही है। चुनावी माहौल में यह बयान दिल्ली की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।