नई शिक्षा नीति को सही तरीके से लागू करने पर भारत विश्वगुरु बनेगा : Dr. Zaheer Khan, Chairman, FOEII | Bharat Shiksha Expo

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/05/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart Ltd.) में आयोजित भारत शिक्षा एक्सपो 2026 (Bharat Shiksha Expo) के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। तीन दिवसीय इस शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन मेले में देशभर के शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, संस्थानों, उद्योग विशेषज्ञों और हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। 14 से 16 मई तक चलने वाले इस मेगा एजुकेशन एक्सपो का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना है।

उद्घाटन समारोह में इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के सीईओ सुदीप सरकार, फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) के चेयरमैन डॉ. ज़हीर खान, डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्पोर्ट्स फाउंडेशन की एडवाइजरी बोर्ड के चेयरपर्सन अनिल प्रथम (IPS), एनएसडीसी के सलाहकार डॉ. संदीप सिंह कौर सहित कई शिक्षाविद, संस्थानों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए FOEII के चेयरमैन एवं प्रख्यात पॉपुलेशन साइंटिस्ट डॉ. ज़हीर खान ने कहा कि भारत आज शिक्षा के ऐसे निर्णायक दौर में खड़ा है, जहाँ केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को इनोवेटिव, रिस्पॉन्सिबल और फ्यूचर-रेडी नागरिक बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का मूल उद्देश्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जो एक्सेस, इक्विटी, क्वालिटी, अफॉर्डेबिलिटी और अकाउंटेबिलिटी जैसे मजबूत स्तंभों पर आधारित हो।

डॉ. ज़हीर खान ने अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ करते हुए कहा कि यदि भारत को विश्वगुरु बनाना है, तो शिक्षा व्यवस्था को स्किल-बेस्ड और व्यवहारिक बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आज भी देश में बड़ी संख्या में विद्यार्थी ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद यह तय नहीं कर पाते कि उन्हें अपने करियर में क्या करना है और उनकी शिक्षा का वास्तविक उपयोग क्या है।

उन्होंने कहा, हम जो पढ़ाई कर रहे हैं, उसका उपयोग हमें प्रैक्टिकल लाइफ में करना आना चाहिए। केवल किताबें रटकर परीक्षा पास करना शिक्षा नहीं है। जब हम इंटरनेशनल लेवल पर जाएंगे, तब हर चीज की स्पष्ट समझ जरूरी होगी कि हम क्या कर रहे हैं, क्यों कर रहे हैं और उससे क्या परिणाम निकलेंगे।

अपने लंबे शोध और अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए डॉ. खान ने बताया कि वह नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS) के संस्थापक निदेशक रहे हैं और उन्होंने भारत सरकार तथा अमेरिकी सरकार का संयुक्त रूप से प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि NFHS के शुरुआती तीन चरणों का नेतृत्व करते हुए उन्होंने भारत में रिसर्च और सैंपलिंग तकनीकों को मजबूत करने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि पहले भारत में होने वाले कई बड़े सर्वे अमेरिका, यूनिसेफ, WHO और यूरोपियन कमीशन की फंडिंग से संचालित होते थे, लेकिन आज भारत स्वयं अपनी रिसर्च क्षमता विकसित कर चुका है। उन्होंने इसे देश की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।

डॉ. खान ने शिक्षा व्यवस्था में इनोवेशन और शिक्षकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षकों को समय के साथ खुद को अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा, ऐसा नहीं होना चाहिए कि एक बार नोट्स बना लिए और दस साल तक वही पढ़ाते रहे। शिक्षकों को रोज तैयारी करके आना चाहिए। उन्हें सॉफ्ट स्किल्स में भी प्रशिक्षित होना चाहिए ताकि वे बच्चों का दिल जीत सकें और उन्हें बेहतर तरीके से मार्गदर्शन दे सकें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि फ्रेंडली और स्किल-ओरिएंटेड होनी चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई का उद्देश्य और उसका वास्तविक जीवन में उपयोग समझाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालयों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को गंभीरता से लागू करना होगा।

डॉ. खान ने कहा कि देश को केवल साक्षरता दर बढ़ाने की नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा में 100 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत तभी महान बन सकता है जब शिक्षा और तालीम समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने भारत शिक्षा एक्सपो 2026 के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षा, कौशल और राष्ट्र निर्माण को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने आशा जताई कि यह एक्सपो आने वाले वर्षों में और अधिक बड़ा होकर पूरे देश में अपनी पहचान बनाएगा।

तीन दिवसीय भारत शिक्षा एक्सपो 2026 में हैकाथॉन, कोडाथॉन, एग्रीथॉन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चर्चाएं, साइंस एवं टेक्नोलॉजी क्विज, डिजाइन थिंकिंग वर्कशॉप और करियर काउंसलिंग जैसे कई नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लिबरल आर्ट्स और व्यावसायिक शिक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों के अवसरों से परिचित कराएगा।

Bharat Shiksha Expo 2026 Grand Inauguration at India Expo Mart | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।