5 फरवरी को दिल्ली को मिलेगा बदलाव: देवेंद्र फडणवीस | रोहिणी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (30 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म होता जा रहा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’, ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ और ‘अब और नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे’ जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

सभा में हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, स्थानीय निवासी, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। फडणवीस ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को आत्मसात करती है। उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित रखा है। उन्होंने कहा, “दिल्ली का यह दुर्भाग्य है कि यहां की सरकार ने केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंचने दिया। लेकिन अब जनता ने ठान लिया है कि 5 फरवरी को इस धोखेबाज सरकार को सत्ता से बेदखल करेगी।”

‘मोदी की गारंटी’ के साथ दिल्ली में आएगा बदलाव

फडणवीस ने भाजपा के संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनना तय है और ‘मोदी की गारंटी’ के तहत कई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार बनते ही

•दिल्ली की महिलाओं को हर माह ₹2,500 की आर्थिक सहायता मिलेगी।

•एलपीजी सिलेंडर ₹500 में उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही होली-दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा।

•70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।

•अटल कैंटीन के माध्यम से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में मात्र ₹5 में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

•ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों को 10 लाख तक का जीवन बीमा मिलेगा।

•50,000 सरकारी नौकरियों और 20 लाख रोजगार-स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।

•दिल्ली को 100% ई-बस सिटी बनाया जाएगा।

•1,700 अनधिकृत कॉलोनियों को स्वामित्व अधिकार दिया जाएगा।

•शरणार्थी कॉलोनियों को फ्री होल्ड किया जाएगा।

•गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

•आयुष्मान भारत योजना के तहत 10 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।

•वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन और श्रमिकों को 10 लाख तक का जीवन बीमा मिलेगा।

•13000 सीलबंद दुकानों को खोला जाएगा।

•जरूरतमंद छात्रों को मेट्रो यात्रा के लिए ₹4000 प्रतिवर्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ₹15,000 की सहायता मिलेगी।

•फडणवीस ने जनता को आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार वर्तमान में चल रही किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेगी बल्कि उन्हें और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करेगी।

विजेंद्र गुप्ता की विकास यात्रा जारी रहेगी

फडणवीस ने भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने रोहिणी क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं और जनता का भरोसा जीता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी विजेंद्र गुप्ता की जीत तय है और वे हैट्रिक लगाएंगे।

उन्होंने कहा, “5 फरवरी का दिन ऐतिहासिक होगा, जब दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार के कुशासन से मुक्ति पाएगी। अब दिल्लीवासी बदलाव के लिए तैयार हैं और मतदान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

सभा में मौजूद लोगों ने भाजपा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और संकल्प लिया कि इस बार दिल्ली में बदलाव लाकर ही दम लेंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।