नाली विवाद बना खूनी संघर्ष: एलएलबी छात्र साजन भाटी हत्याकांड में मुख्य महिला आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08/05/2026): ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में एलएलबी छात्र साजन भाटी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रही आरोपी महिला वीरवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने अपने बेटों को युवक की हत्या के लिए भड़काने में अहम भूमिका निभाई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे साकीपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 5 और 6 मई 2026 की दरम्यानी रात की है। साकीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय साजन भाटी एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने साजन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल साजन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी परिवार के बीच पिछले कई दिनों से नाली के पानी की निकासी, कूड़ा डालने और सफाई को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन तनाव लगातार बढ़ता गया। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश ने बाद में खूनी रूप ले लिया।

मृतक के चाचा की तहरीर पर सूरजपुर थाना पुलिस ने मंगेश उर्फ टिल्लू भाटी, वीर सिंह, उनकी मां वीरवती तथा एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस पहले ही मंगेश और वीर सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि फरार चल रही आरोपी वीरवती थाना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद स्थानीय इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने उसे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की साजिश में महिला की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। वहीं, साजन भाटी की हत्या के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। युवा छात्र की हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि मामूली विवाद को लेकर आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से साजन की जान ली। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।