ग्रेटर नोएडा के निजी विश्वविद्यालय में रैगिंग का मामला | न्यूज़ अपडेट्स
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (05/05/2026): ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में रैगिंग से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ छात्राएं एक अन्य छात्रा के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करती नजर आ रही हैं, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ छात्राएं पीड़ित छात्रा के साथ अभद्रता करते हुए उसके बाल खींचती हैं और उसे थप्पड़ मारती हैं। इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार मामले के प्रकाश में आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन की ओर से एक जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल करेगी और वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि करेगी। बताया जा रहा है कि समिति 4 से 5 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल यह मामला पुलिस के पास औपचारिक रूप से नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर ही यूजीसी के दिशा-निर्देशों के तहत गठित आंतरिक समिति इस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर यह मामला संस्थान के अंदरूनी स्तर पर सुलझाने की प्रक्रिया में है, लेकिन यदि जांच में गंभीर तथ्य सामने आते हैं या पीड़ित पक्ष शिकायत दर्ज कराता है, तो पुलिस भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों और छात्रों में चिंता का माहौल है। शिक्षण संस्थानों में रैगिंग पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।