गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने हाई-राइज सोसाइटियों की फायर सेफ्टी को लेकर सांसद को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (03/05/2026): गौतमबुद्ध नगर में तेजी से बढ़ते हाई-राइज निर्माण एवं हालिया अग्निकांडों को देखते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के अधिकारियों तथा सांसद महेश शर्मा के कार्यालय में जाकर सांसद प्रतिनिधि संजय बाली के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, साथ ही सांसद कार्यालय से आश्वासन मिला है कि वे इस पत्र का संज्ञान लेते हुए समस्याओं को कमिश्नर के समक्ष उठाएंगे।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि नोएडा एक्सटेंशन (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) सहित पूरे जनपद में हाई-राइज सोसाइटियों में अग्नि सुरक्षा मानकों का व्यापक उल्लंघन हो रहा है। कई स्थानों पर फायर NOC होने के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं।
मुख्य मुद्दे जो उठाए गए:
* फायर NOC और वास्तविक अनुपालन में गंभीर अंतर
* ऊपरी मंजिलों पर स्प्रिंकलर सिस्टम का गैर-कार्यात्मक होना
* फायर हाइड्रेंट में अपर्याप्त जल दबाव
* फायर अलार्म एवं डिटेक्शन सिस्टम की खराब स्थिति
* फायर टेंडर के मार्ग में अवरोध
* आपातकालीन प्रतिक्रिया में देरी
* 25–40 मंजिल की इमारतों के अनुरूप उपकरणों की कमी
* ड्रोन आधारित रेस्क्यू एवं सर्विलांस तकनीक का अभाव
समिति की प्रमुख मांगें:
* सभी हाई-राइज सोसाइटियों का सरप्राइज निरीक्षण कराया जाए
* फायर NOC की पारदर्शी समीक्षा रिपोर्ट जारी की जाए
* नियमों का उल्लंघन करने वाली सोसाइटियों पर कड़ी कार्रवाई कर NOC निरस्त किया जाए
* थर्ड-पार्टी फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य किया जाए
* ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी) क्षेत्र में फायर स्टेशन स्थापित किया जाए
* 30+ मंजिल तक पहुंचने वाले हाई-रीच फायरफाइटिंग उपकरण उपलब्ध कराए जाएं
* ड्रोन आधारित फायर कंट्रोल एवं रेस्क्यू पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाए
* नागरिकों के लिए शिकायत एवं जागरूकता प्लेटफॉर्म विकसित किया जाए

साथ ही सोसाइटियों, RWA एवं बिल्डर्स के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश सुझाए गए, जिनमें मासिक फायर ड्रिल होनी चाहिए। उपकरणों का नियमित मेंटेनेंस, फायर मार्ग से अतिक्रमण हटाना एवं प्रशिक्षित फायर सेफ्टी अधिकारियों की नियुक्ति शामिल है।
समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में बढ़ती आबादी और ऊंची इमारतों के बीच यदि अग्नि सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी गई, तो भविष्य में बड़े हादसों से इंकार नहीं किया जा सकता। हाल ही में गाज़ियाबाद में हुई आग की घटना अत्यंत चिंताजनक है। यह पूरे जनपद की सुरक्षा का विषय है।
समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि हाई-राइज इमारतों में रहने वाले हजारों परिवारों की सुरक्षा केवल कागजी NOC से सुनिश्चित नहीं हो सकती। सभी अग्नि सुरक्षा प्रणालियों का जमीनी स्तर पर कार्यशील होना अनिवार्य है। प्रशासन को तत्काल निरीक्षण, जवाबदेही तय करने और आधुनिक संसाधनों की व्यवस्था करनी चाहिए।
इस अवसर पर समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सचिव अनूप कुमार सोनी, उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत, उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, अरुण सरस्वत, प्रदीप बंसल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठोस एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।।..

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।