ग्रेटर नोएडा के 16 गांव बनेंगे स्मार्ट विलेज, 160 करोड़ से बदलेगी तस्वीर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (30 अप्रैल 2026): ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। Greater Noida Industrial Development Authority ने अपने महत्वाकांक्षी स्मार्ट विलेज परियोजना के दूसरे चरण के तहत 16 गांवों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को शहरी क्षेत्रों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना और गांवों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना पर करीब 160 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा के विकास में किसानों और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने गांवों के समग्र विकास का फैसला लिया है। इस योजना में जिन 16 गांवों को शामिल किया गया है, उनमें घोड़ी बछेड़ा, कुलेसरा, खैरपुर गुर्जर, ईंटेहरा, हैबतपुर, धूम मानिकपुर, मिलक लच्छी, देवला, कैलाशपुर कासना, डाढा, खानपुर, मुर्शीदपुर, लुकसर, इच्छर और साखीपुर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
स्मार्ट विलेज योजना के तहत गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। कच्ची सड़कों को पक्का बनाया जाएगा और गांवों को शहर की मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके अलावा गलियों में आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे रात में सुरक्षा और रोशनी बनी रहे। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पक्की नालियों और सीवेज नेटवर्क का निर्माण भी किया जाएगा।
योजना के दूसरे हिस्से में गांवों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। सामाजिक आयोजनों के लिए नए सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे और पुराने केंद्रों का नवीनीकरण किया जाएगा। बच्चों और युवाओं के लिए पार्क, ई-लाइब्रेरी और वाई-फाई हॉटस्पॉट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने हेतु ट्रेनिंग सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए गांवों में पीने के पानी की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि इस योजना से गांवों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और लोगों को धूल, कीचड़ तथा मूलभूत समस्याओं से राहत मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिकता से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे न केवल गांवों का विकास होगा, बल्कि युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और बेहतर जीवन के नए अवसर भी खुलेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।