गांव के फैसले की अवहेलना पड़ी भारी, डीजे बजाने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29/04/2026): दनकौर क्षेत्र के नवादा गांव में पंचायत के सामूहिक निर्णय की अनदेखी एक परिवार के लिए गंभीर परिणाम लेकर आई। गांव में करीब दो माह पूर्व सर्वसम्मति से यह तय किया गया था कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि शांति और पारंपरिक व्यवस्था बनी रहे। बताया जा रहा है कि गांव निवासी राजीव नागर ने सोमवार रात अपने बेटे के विवाह समारोह में इस निर्णय की अनदेखी करते हुए डीजे का उपयोग कराया। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में असंतोष फैल गया, जिसके चलते मंगलवार को आपात पंचायत बुलाई गई।
बैठक में पूर्व प्रधानाचार्य नरपत नागर और ग्राम प्रधान राजे सिंह नागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान वरिष्ठ सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि जब पूरा गांव किसी नियम पर सहमत हो, तो उसका पालन करना सभी की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने इसे सामाजिक अनुशासन और सामूहिक एकता के विरुद्ध कदम बताया।
लंबी विचार-विमर्श के बाद पंचायत ने सर्वसम्मति से कड़ा निर्णय लेते हुए राजीव नागर और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार घोषित कर दिया। निर्णय के अनुसार, अब गांव का कोई भी व्यक्ति उनके परिवार को अपने सामाजिक आयोजनों में आमंत्रित नहीं करेगा और न ही उनके घर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होगा।
इस फैसले की जानकारी पूरे गांव में सार्वजनिक रूप से पहुंचाने के लिए पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई। इसके बाद से ही यह मामला आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पंचायत में धीरज प्रमुख, बालकिशन प्रधान, राज सिंह, मोहन बीडीसी, संजय, चंदी सिंह, त्रिलोक नागर, चंद्रपाल सिंह, मिश्री, जयपाल मुखिया, ओमकार, नीरज, महेश, सुभाष, गोपाल, हरि प्रधान, बख्तावर, राकेश, अशोक नागर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। यह घटना ग्रामीण समाज में सामूहिक निर्णयों के महत्व और उनके पालन को लेकर एक मजबूत संदेश के रूप में देखी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।