नोएडा में बना ‘डीसीपी इंडस्ट्रियल’ पद, उद्योगों में सीधे संवाद और त्वरित समाधान पर जोर

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (27/04/2026): हाल के श्रमिक आंदोलनों के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। अब उद्योगों और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए अलग से ‘पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्रियल)’ का पद सृजित किया गया है, जो औद्योगिक इकाइयों में उत्पन्न होने वाले विवादों, शिकायतों और समन्वय का केंद्र होगा।

नए ढांचे के तहत डीसीपी इंडस्ट्रियल के अधीन एक सहायक पुलिस आयुक्त (इंडस्ट्रीज), तीन निरीक्षक और विभिन्न श्रेणियों के 25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इस सेल के लिए समर्पित सीयूजी नंबर 8595902508 जारी किया गया है, ताकि उद्योगों और श्रमिक संगठनों को सीधे पुलिस से संपर्क का माध्यम मिल सके।

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, इस प्रस्ताव का विस्तृत प्रारूप तैयार कर तीन दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग को भेजा जाएगा। साथ ही, औद्योगिक विवादों के प्रबंधन के लिए एक विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से काम करना शुरू कर देगी।

गौतमबुद्ध नगर देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल है, जहां करीब 15 हजार पंजीकृत औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इनमें लघु, मध्यम और बड़ी कंपनियों के साथ-साथ बहुराष्ट्रीय संस्थान भी शामिल हैं। इन इकाइयों में लगभग चार लाख श्रमिक कार्यरत हैं, जिनकी समस्याओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

नई व्यवस्था के तहत पुलिस, उद्योग प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इससे विवादों के शुरुआती चरण में ही समाधान निकालने, तनाव की स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लागू श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि यह पहल औद्योगिक माहौल को स्थिर बनाए रखने, निवेशकों का भरोसा बढ़ाने और श्रमिकों को सुरक्षित व संतुलित कार्य वातावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।