फर्जी रजिस्ट्री कर 3.03 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, 3 आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/04/2026): पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की थाना जारचा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी रजिस्ट्री के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। 24 अप्रैल 2026 को पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने समाना नहर के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों—प्रदीप राणा, खुशबू देवी और ज्योत्सना—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप राणा (53 वर्ष) निवासी सहारा होम्स, लालकुआं, गाजियाबाद, खुशबू देवी (45 वर्ष) निवासी भोजपुर, बिहार और ज्योत्सना (42 वर्ष) निवासी भोजपुर, बिहार शामिल हैं। वर्तमान में दोनों महिला आरोपी गाजियाबाद के प्रताप विहार और विजयनगर क्षेत्र में रह रही थीं।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन राजीव रंजन के अनुसार, यह गिरोह 15-20 सदस्यों का है। आरोपी उन जमीनों को निशाना बनाते थे जिनके मालिक अन्य शहरों में रहते हैं या जहां केवल केयरटेकर मौजूद होता है। इसके बाद ये लोग जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे असली बताकर भोले-भाले लोगों को बेच देते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 3 करोड़ 3 लाख रुपये की जमीन का फर्जी बैनामा कर धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड, 3 सिम कार्ड और एक स्कॉर्पियो-एन कार (HR51CL3223) बरामद की है।
मुख्य आरोपी प्रदीप राणा पर पहले से ही लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 15-16 मामले इसी तरह की फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, उसका भाई गौरव राणा इस गिरोह का सरगना है, जो पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में थाना जारचा में विभिन्न धाराओं के तहत पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें और संदिग्ध मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।